Last updated: January 30th, 2026 at 12:43 pm
देहरादून। उत्तराखंड में जहां एक ओर जंगलों से सटे इलाकों में जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ है, वहीं अब शहरी क्षेत्रों में आवारा कुत्ते लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। हालात यह हैं कि बीते पांच वर्षों में राज्यभर में करीब 1.20 लाख लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, देहरादून, हल्द्वानी, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर सबसे अधिक प्रभावित जिले हैं। इन इलाकों में बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों पर हमलों की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं।
शहरों में दहशत, लोगों की दिनचर्या प्रभावित
स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों के झुंड राह चलते लोगों और बाइक सवारों पर अचानक हमला कर देते हैं। कई मामलों में लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सुबह-शाम टहलना तक मुश्किल हो गया है और कई इलाकों में लोग अब लाठी लेकर बाहर निकलने को मजबूर हैं। कुछ पीड़ितों को गहरे जख्म आए हैं, जबकि कई मामलों में प्लास्टिक सर्जरी तक करानी पड़ी है।
हल्द्वानी में हालात सबसे गंभीर, एक कुत्ते ने मचाया आतंक
हल्द्वानी के मल्ली बमौरी क्षेत्र (वार्ड-48) में एक आक्रामक आवारा कुत्ते ने बीते दो दिनों में दहशत फैला दी है। जानकारी के मुताबिक बलवंत कॉलोनी, बल्यूटिया फार्म और लक्ष्मी विहार समेत आसपास के इलाकों में 48 घंटे के भीतर करीब 15 लोग घायल हो चुके हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद नगर निगम की टीम अब तक कुत्ते को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
स्कूल से लौट रही महिला पर पीछे से हमला
बुधवार सुबह गीता पंत अपने बच्चे को स्कूल बस तक छोड़कर घर लौट रही थीं, तभी कुत्ते ने अचानक पीछे से हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ते की आक्रामकता साफ नजर आती है। महिला को गंभीर चोटें आई हैं और इलाज जारी है।
युवक के चेहरे पर हमला, हालत गंभीर
एक अन्य घटना में पूरन सिंह भोज अपने पालतू कुत्ते को टहला रहे थे, तभी उसी आवारा कुत्ते ने उन पर झपट्टा मार दिया। हमले में उनका चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया, नाक और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा वार्ड पार्षद के भाई विनीत बल्यूटिया भी इस हमले में घायल हुए हैं और निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
राज्य के अन्य जिलों से भी सामने आए मामले
28 जनवरी 2026 को उत्तरकाशी के कलेक्ट्रेट परिसर में एक आवारा कुत्ते ने दो दिनों के भीतर तीन लोगों को काट लिया। घायलों में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। 29 दिसंबर 2025 को देहरादून के सैय्यद मोहल्ले में 5 से 6 आवारा कुत्तों ने एक महिला पर अचानक हमला कर दिया। महिला के पैरों में गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।
![]()
Comments are off for this post.