Last updated: January 28th, 2026 at 08:44 am

उत्तराखंड में बीते 24 घंटों से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। खराब मौसम का सीधा असर जनजीवन, बिजली आपूर्ति और शिक्षा व्यवस्था पर देखने को मिल रहा है।
पहाड़ों में बर्फ, मैदानी इलाकों में बारिश-ओलावृष्टि
रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में लगातार बारिश हो रही है, वहीं उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और देहरादून के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हिमपात हो रहा है। चकराता और औली में सबसे ज्यादा बर्फ गिरी है, जहां करीब दो फीट तक बर्फ जम चुकी है।मैदानी जिले हरिद्वार में देर शाम ओलावृष्टि हुई, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कई इलाकों में तेज बारिश और हवाओं के कारण बिजली सप्लाई भी बाधित हो गई है।
खराब मौसम के चलते स्कूलों में छुट्टी
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन 8 जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है। इनमें पौड़ी, टिहरी, ऊधम सिंह नगर, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जिले शामिल हैं।
कुमाऊं और गढ़वाल में बदला मौसम का मिजाज
देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में सुबह से बादल छाए हुए हैं और कई जगह हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। नैनीताल, पौड़ी और टिहरी में भी बादल और बूंदाबांदी का दौर जारी है। पर्वतीय जिलों में ठंडी हवाओं के साथ तापमान सामान्य से नीचे चला गया है।
देहरादून में गरज के साथ बारिश
राजधानी देहरादून में मंगलवार दोपहर से रुक-रुककर बारिश हो रही है। सुबह तेज गरज के साथ बौछारें पड़ीं। यहां न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
2 फरवरी तक मौसम खराब रहने की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राहत के आसार नहीं जताए हैं। विभाग के अनुसार 2 फरवरी तक प्रदेश में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है। 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और पहाड़ी इलाकों की यात्रा से बचने की सलाह दी है।
![]()
Comments are off for this post.