Last updated: February 4th, 2026 at 09:00 am
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ नजर आ रहा है। बीते दो दिनों की बारिश और बर्फबारी के बाद बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल जिलों के कुछ इलाकों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ली। उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री, यमुनोत्री और हर्षिल क्षेत्र में बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, औली, फूलों की घाटी और नीति-मलारी जैसे ऊपरी इलाकों में बर्फ की चादर बिछ गई। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश और ओम पर्वत की चोटियां भी बर्फ से ढक गईं। पर्यटन नगरी मसूरी में मंगलवार को मौसम ने अलग ही रंग दिखाया। यहां करीब आधे घंटे तक तेज ओलावृष्टि हुई, जिससे लालटिब्बा और मसराना क्षेत्र में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। ओलों की वजह से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई और मसूरी से उत्तरकाशी, टिहरी और धनोल्टी की ओर जाने वाले मार्गों पर यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम सामान्य बना रह सकता है। इस दौरान अधिकांश जिलों में धूप निकलने की संभावना है, हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 15.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 7.7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जबकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो सकता है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
5 फरवरी: प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना।
6 फरवरी: उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
7 फरवरी: राज्यभर में मौसम के शुष्क बने रहने के आसार।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी इलाकों में यात्रा करते समय सावधानी बरतें और कोहरे वाले क्षेत्रों में वाहन चलाते समय सतर्क रहें।
![]()
Comments are off for this post.