Last updated: November 16th, 2026 at 03:44 pm

बिहार में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। राज्यभर में लाखों श्रद्धालुओं ने नदी, तालाबों और विभिन्न जलाशयों के किनारे पहुंचकर भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। छठ के अंतिम दिन सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अपने गृह जिले मुंगेर में छठ पूजा के अंतिम अनुष्ठान में हिस्सा लिया और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के लखनपुर स्थित छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य की आराधना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
इससे पहले रविवार शाम मुख्यमंत्री ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था। उन्होंने अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई और सुविधाओं को लेकर जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार ने छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। खतरनाक घाटों की पहचान कर वहां आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था की गई है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
राजधानी पटना सहित बिहार के सभी प्रमुख शहरों और ग्रामीण इलाकों में छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सोमवार तड़के से ही श्रद्धालु अपने परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचने लगे थे। महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पूजा सामग्री सजाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।
पटना में गंगा नदी के किनारे बने घाटों से लेकर मोहल्लों के तालाबों तक छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। जिला प्रशासन के अनुसार, राजधानी में गंगा किनारे 90 घाटों और 62 स्थायी एवं अस्थायी तालाब घाटों को पूजा के लिए तैयार किया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दानापुर से पटना सिटी तक साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के लिहाज से 13 घाटों को खतरनाक घोषित किया गया था और वहां पूजा करने से बचने की सलाह दी गई थी।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान किया गया। इसके बाद व्रतियों ने लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया। तीसरे दिन रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही महापर्व का समापन हुआ।
अंतिम अर्घ्य के बाद व्रतियों ने छठी मैया और भगवान सूर्य की पूजा की तथा परिवार के सदस्यों के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद प्रसाद ग्रहण करके पारण किया और अपना कठिन व्रत पूरा किया।
इस वर्ष छठ पूजा के दौरान बिहार के प्रमुख घाटों पर प्रशासन की ओर से विशेष निगरानी रखी गई। भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा सहायता, गोताखोरों की तैनाती और रोशनी जैसी व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया गया। घाटों पर स्थानीय प्रशासन, पुलिस और स्वयंसेवकों की टीमें भी सक्रिय रहीं।
छठ महापर्व के समापन के साथ ही बिहार में चार दिनों से चला आ रहा भक्ति और उत्साह का माहौल धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। यह पर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। देश के अन्य हिस्सों में रहने वाले बिहार के लोगों ने भी श्रद्धा के साथ छठ पूजा मनाई।
![]()
Comments are off for this post.