Last updated: January 28th, 2026 at 09:01 am
नई दिल्ली।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य राजकीय भोज के दौरान उत्तराखंड की पारंपरिक थाली ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर खास पहचान बनाई। इस विशेष अवसर पर यूरोपीय संघ के शीर्ष नेतृत्व के लिए तैयार मेन्यू में देवभूमि उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों को प्रमुखता से शामिल किया गया, जिसने विदेशी मेहमानों का ध्यान खींचा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लेयेन के सम्मान में यह राजकीय भोज आयोजित किया गया था। इस दौरान परोसे गए व्यंजनों में भारत के हिमालयी क्षेत्रों की समृद्ध पाक परंपरा को दर्शाया गया, जिसमें उत्तराखंड के साथ-साथ कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों के पारंपरिक स्वाद भी शामिल रहे।
उत्तराखंड के व्यंजनों ने बटोरी खास सराहना
इस राजकीय भोज में उत्तराखंड की पहचान माने जाने वाले कई पारंपरिक पकवान मेहमानों को परोसे गए। जखिया से तैयार आलू और हरे टमाटर की चटनी ने पहाड़ी स्वाद की झलक दी, वहीं मुनस्यारी क्षेत्र की सुंदरकला थिचोनी ने हिमालयी और तिब्बती प्रभाव वाली भोजन परंपरा को सामने रखा। इसके अलावा भांग मठरी, बिच्छू बूटी के पत्ते और नींबू आधारित व्यंजन भी मेन्यू का हिस्सा रहे, जिनके जरिए उत्तराखंड की स्थानीय जीवनशैली और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ा स्वाद प्रस्तुत किया गया।
झंगोरा की खीर से हुई मिठास भरी शुरुआत
भोज की शुरुआत उत्तराखंड की पारंपरिक झंगोरा की खीर से की गई। इसे आधुनिक अंदाज में मेह लून और व्हाइट चॉकलेट के साथ परोसा गया, जिससे पारंपरिक स्वाद और आधुनिक प्रस्तुति का अनूठा संगम देखने को मिला। इसके बाद सूप कोर्स में सुंदरकला थिचोनी परोसी गई, जिसने विदेशी अतिथियों को हिमालयी खानपान से परिचित कराया।
देवभूमि की पाक विरासत को मिला वैश्विक मंच
राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस राजकीय भोज ने भारत की सांस्कृतिक विविधता को दुनिया के सामने रखने का काम किया। खास तौर पर उत्तराखंड की पारंपरिक पाक विरासत को जिस तरह अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिला, उसे राज्य की सांस्कृतिक पहचान के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह आयोजन न केवल भारतीय व्यंजनों की विविधता को दर्शाता है, बल्कि स्थानीय और पारंपरिक स्वादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हुआ है।
![]()
Comments are off for this post.