Last updated: January 31st, 2026 at 08:08 am
हल्द्वानी।
शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने हल्द्वानी के एक युवक से 5 लाख 20 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगी की यह वारदात टेलीग्राम ऐप और एक फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट के जरिए अंजाम दी गई। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना हल्द्वानी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, दिसंबर महीने में युवक को टेलीग्राम एप के माध्यम से कुछ अज्ञात लोगों ने संपर्क किया। उन्होंने खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताते हुए एक वेबसाइट का लिंक भेजा और उस पर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। शुरुआती भरोसा कायम करने के लिए पहले दिन कुछ रकम रिफंड के तौर पर दिखाई गई, जिससे युवक को वेबसाइट पर भरोसा हो गया।
इसके बाद ठगों ने अलग-अलग बहानों से युवक को चार बार निवेश करने के लिए कहा। 25 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच युवक ने ठगों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में कुल 5.20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम जमा करने के बाद न तो उसे किसी प्रकार का लाभ मिला और न ही मूल राशि वापस की गई।
जब युवक ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो वेबसाइट पर ट्रांजेक्शन रोक दिया गया। इसके बाद टेलीग्राम पर संपर्क करने पर भी ठगों ने जवाब देना बंद कर दिया। खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है। साथ ही पीड़ित की धनराशि वापस दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप्स के जरिए आने वाले निवेश संबंधी प्रस्तावों पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक या वेबसाइट पर निवेश करने से पहले उसकी प्रामाणिकता जरूर जांचें।
![]()
Comments are off for this post.