Last updated: December 7th, 2025 at 09:27 am

सासाराम। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार, पटना तथा जिला प्रशासन रोहतास के संयुक्त तत्वावधान में जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार शुक्रवार को 29वां जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव का उद्घाटन उप विकास आयुक्त ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी वरीय उप समाहर्ता, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी, जिला विकास पदाधिकारी तथा एनईपी के निदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बताया गया कि युवा महोत्सव का आयोजन स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर तीन चरणों में किया जाता है। प्रथम चरण में जिला स्तरीय, द्वितीय चरण में राज्य स्तरीय तथा तृतीय चरण में राष्ट्रीय स्तर पर इसका आयोजन होता है।
इस जिला स्तरीय युवा महोत्सव में रोहतास जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी कला एवं दृश्य कला के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छह विधाओं—समूह लोकगीत, समूह लोक नृत्य, चित्रकला, कहानी लेखन, कविता और वक्तृता—में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी विधाओं में करीब 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में चयनित प्रथम प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए मधुबनी भेजा जाएगा। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, वहीं विद्यालयों के शिक्षकों का भी सराहनीय सहयोग रहा।
आयोजन में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के बौद्धिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन समय-समय पर इस प्रकार के आयोजन कर बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर दे रहा है।
![]()
No Comments