Last updated: June 30th, 2026 at 05:54 am

राजधानी पटना के वार्ड-38 स्थित दरियापुर भट्ठी में सोमवार को नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत और नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
नया स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के हजारों लोगों को उनके घर के पास प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। यहां सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आवश्यक जांच और दवाओं की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण करते हुए बताया कि केंद्र में दो एमबीबीएस डॉक्टर, पांच एएनएम, एक लैब तकनीशियन, एक फार्मासिस्ट और एक डाटा एंट्री ऑपरेटर की तैनाती की गई है। वर्तमान में दो बेड की व्यवस्था है, जिसे भविष्य में जरूरत के अनुसार बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक और अधिक सुलभ बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में राज्य में 11 लेवल-3 ट्रॉमा सेंटर और पांच लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की योजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एलएनजेपी अस्पताल में जल्द 400 नए बेड जोड़े जाएंगे, जहां ऑर्थोपेडिक एवं स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर भी विकसित किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए लगभग 15 हजार स्वास्थ्य केंद्रों में कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनकी निगरानी पटना स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों पर जल्द नई नियुक्तियां की जाएंगी। साथ ही जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार तेजी से कार्य कर रही है, ताकि लोगों को अपने जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
![]()
Comments are off for this post.