Last updated: July 4th, 2026 at 04:52 am

बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पटना स्थित सदाकत आश्रम में आयोजित बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक में आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने की, जबकि प्रभारी कृष्णा अल्लावरु भी मौजूद रहे।
बैठक में जानकारी दी गई कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 15 जुलाई को पटना दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे मुसल्लहपुर हाट क्षेत्र में पदयात्रा करेंगे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे।
संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने के लिए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी तैयार किया है। इसके तहत 22 से 31 जुलाई तक बिहार के सभी 53 संगठनात्मक जिलाध्यक्षों को 10 दिनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण ब्लॉक, पंचायत और जिला स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर केंद्रित रहेगा।
बैठक में जिलाध्यक्षों के कार्यों की समीक्षा भी की गई। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों को ग्रेडिंग प्रणाली के तहत उच्च श्रेणी दी गई, जबकि समीक्षा रिपोर्ट पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भेजी जाएगी। साथ ही आगामी दिनों में जनसरोकार से जुड़े आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर और जनसुराज पार्टी को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस का पूरा ध्यान अपने संगठन के विस्तार और चुनावी तैयारियों पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों के चयन का निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व निर्धारित प्रक्रिया के तहत करेगा।
![]()
Comments are off for this post.