Last updated: July 8th, 2026 at 05:53 am

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जम्मू दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर में बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी अपनी संगठनात्मक ताकत को और मजबूत करते हुए कश्मीर घाटी में भी व्यापक जनसमर्थन हासिल करेगी।
दो दिवसीय दौरे के दौरान नितिन नबीन ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनकी 125वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित किया था और अनुच्छेद 370 हटाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने उनके सपने को साकार किया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के बाद जम्मू-कश्मीर में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं। पहले जिन स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने को लेकर विवाद होता था, आज वहां सामान्य माहौल में तिरंगा लहराया जाता है। उन्होंने इसे नए जम्मू-कश्मीर की पहचान बताया।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और विकास योजनाओं का लाभ प्रदेश के युवाओं तक पहुंच रहा है। खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में जम्मू-कश्मीर के युवा नई पहचान बना रहे हैं, जिससे राज्य की सकारात्मक छवि देश और दुनिया के सामने उभर रही है।
अपने दौरे के दौरान नितिन नबीन ने पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कश्मीर घाटी में पार्टी के विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
![]()
Comments are off for this post.