Last updated: August 19th, 2026 at 10:07 am

बक्सर: सिमरी प्रखंड की केशोपुर पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बक्सर की डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें, मांगें और सुझाव प्रशासन के सामने रखे।
सरकारी योजनाओं और सेवाओं की मिली जानकारी
सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं और विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं की जानकारी उनके नजदीक उपलब्ध कराना और स्थानीय समस्याओं का यथासंभव मौके पर समाधान करना था।
शिविर में अलग-अलग विभागों की ओर से काउंटर लगाए गए थे। यहां ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी गई। पात्र लाभुकों से संबंधित योजनाओं के लिए आवेदन भी प्राप्त किए गए।
शिकायतों के समयबद्ध निपटारे का निर्देश
डीएम साहिला ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निपटारा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। डीएम ने विशेष रूप से कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्ग के पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की बात कही।
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद
शिविर के दौरान मिली शिकायतों और आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। डीएम ने कहा कि इस तरह के शिविर प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं। इससे ग्रामीण इलाकों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान की प्रक्रिया को तेज करने में मदद मिलती है।
जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में जनहित से जुड़े कार्यों और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने की बात कही गई। शिविर में सहायक समाहर्ता बक्सर फर्खंदा कुरैशी के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी, सिमरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
![]()
Comments are off for this post.