Last updated: September 8th, 2026 at 02:41 pm

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। BKC स्थित नीता अंबानी कल्चरल सेंटर में होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें से एक युवक के पास बंदूक मिलने की बात कही जा रही है।
खुद को PMO अधिकारी बता रहा था युवक
जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए 24 वर्षीय युवक की पहचान रोहन पारेख के रूप में बताई गई है। सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास से कथित तौर पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का फर्जी पहचान पत्र बरामद हुआ।
बताया जा रहा है कि युवक खुद को PMO का अधिकारी बता रहा था। जांच में पहचान पत्र संदिग्ध पाए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया।
बॉडीगार्ड के पास मिली बंदूक
सूत्रों के मुताबिक, रोहन पारेख के साथ एक बॉडीगार्ड भी मौजूद था, जिसके पास बंदूक मिली। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूरे मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
हालांकि, मामले को लेकर पुलिस या जांच एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है। इसलिए फर्जी पहचान पत्र और हथियार से जुड़े आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
मुंबई में PM मोदी का आज कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम करीब 5:45 बजे मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम BKC स्थित नीता अंबानी कल्चरल सेंटर में आयोजित होना है।
GFF के मंच पर डिजिटल भुगतान, वित्तीय समावेशन और वित्तीय क्षेत्र में उभरती तकनीकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। एजेंटिक AI, प्रोग्रामेबल फाइनेंशियल इंस्ट्रूमेंट्स और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसी नई तकनीकों के संभावित प्रभाव पर भी मंथन किया जाएगा।
इससे पहले वडोदरा में PM मोदी का कार्यक्रम
मुंबई पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी का वडोदरा में भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। यहां वह वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तीन महत्वपूर्ण हिस्सों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इन तीनों खंडों की कुल लंबाई 326 किलोमीटर बताई गई है और इन्हें ₹20,700 करोड़ से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। इनमें न्यू सानंद (नॉर्थ)-न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-न्यू जेएनपीटी सेक्शन शामिल हैं।
![]()
Comments are off for this post.