Last updated: September 29th, 2026 at 11:20 am
चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विपक्षी दलों की प्रस्तावित बैठक से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी मंगलवार को कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना हुईं।
एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में ममता बनर्जी ने कहा कि वह चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होने दिल्ली जा रही हैं।
30 सितंबर को दिल्ली में होगी बैठक
विपक्षी दलों की यह बैठक 30 सितंबर को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में प्रस्तावित है। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों और SIR को लेकर विपक्षी दलों की चिंताओं पर चर्चा होने की संभावना है।
तृणमूल कांग्रेस की ओर से ममता बनर्जी के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है। हालांकि, बैठक में शामिल होने वाले सभी दलों और नेताओं की अंतिम सूची अभी सामने नहीं आई है।
राहुल गांधी से अभिषेक बनर्जी की बातचीत
बैठक से पहले विपक्षी दलों के बीच संपर्क का सिलसिला भी जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से फोन पर बातचीत की है। दोनों नेताओं के बीच चुनाव आयोग, CEC ज्ञानेश कुमार और चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे कथित अनियमितताओं के आरोपों पर चर्चा हुई।
माकपा महासचिव एमए बेबी भी विपक्षी दलों के नेताओं से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने बैठक में शामिल होने के लिए विपक्षी नेताओं को पत्र भेजा था। इसके बाद उन्होंने ममता बनर्जी से भी बातचीत की और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी दलों के बीच समन्वय की जरूरत पर चर्चा की।
बंगाल में आमने-सामने रहने वाली पार्टियां भी एक मुद्दे पर साथ
SIR और चुनाव आयोग का मुद्दा पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक अलग तस्वीर भी सामने ला रहा है। राज्य में आमतौर पर एक-दूसरे की राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस और वाम दल इस मुद्दे पर विपक्षी समन्वय की संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं।
माकपा, भाकपा और भाकपा (माले) लिबरेशन पहले ही CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने और SIR पर रोक लगाने की मांग कर चुके हैं। कांग्रेस भी इस मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करा रही है। इसी बीच कांग्रेस कार्यसमिति की 29 सितंबर को हुई बैठक में भी SIR और चुनाव आयोग को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
![]()
Comments are off for this post.