Last updated: October 4th, 2026 at 12:05 pm

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिला पहलवान अंतिम पंघाल और भारतीय महिला गोल्फ टीम के रजत पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। अंतिम ने 53 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में सिल्वर जीता, जबकि महिला गोल्फ टीम में अदिति अशोक, प्रणवी शरथ उर्स और दीक्षा डागर ने रजत पदक अपने नाम किया।
अंतिम पंघाल ने कुश्ती में रचा नया रिकॉर्ड
3 अक्टूबर को आइची-नागोया में हुए महिलाओं के 53 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती फाइनल में अंतिम पंघाल का सामना जापान की मोए कियोका से हुआ। स्वर्ण पदक के मुकाबले में अंतिम को 1-9 से हार मिली और उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा।
हालांकि, इस रजत पदक के साथ अंतिम ने भारतीय कुश्ती के रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया। एशियन गेम्स के महिला 53 किलोग्राम वर्ग में यह भारत का पहला रजत पदक है। इससे पहले अंतिम ने 2022 एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
PM मोदी ने अंतिम को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतिम पंघाल की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतिम का प्रदर्शन देश के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी भारत के लिए कई पदक जीतेंगी और दूसरे खिलाड़ियों को प्रेरणा देंगी।
महिला गोल्फ टीम ने भी जीता सिल्वर
भारतीय महिला गोल्फ टीम ने भी एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। प्रणवी शरथ उर्स, अदिति अशोक और दीक्षा डागर की भारतीय टीम ने टीम स्पर्धा में कुल 14-अंडर 546 का स्कोर किया और दूसरे स्थान पर रही।
चीन ने 22-अंडर के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता। चार राउंड की प्रतियोगिता कासुगाई कंट्री क्लब ईस्ट कोर्स में हुई, जहां भारतीय टीम ने आखिरी दिन भी अपनी दूसरे स्थान की स्थिति बरकरार रखी।
प्रणवी ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी जीता गोल्ड
प्रणवी शरथ उर्स का प्रदर्शन टीम स्पर्धा तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले स्पर्धा में गोल्ड मेडल भी अपने नाम किया।
महिला गोल्फ टीम का रजत पदक एशियन गेम्स में भारतीय महिला गोल्फ के लिए एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अदिति अशोक, प्रणवी शरथ उर्स और दीक्षा डागर को भी बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन को खिलाड़ियों के समर्पण और खेल के प्रति जुनून का परिणाम बताया।
भारत के 85 पदक पूरे
इन उपलब्धियों के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकों की संख्या 85 हो गई है। भारत के खाते में 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल हैं। पदक तालिका में भारत चीन, जापान और दक्षिण कोरिया के बाद चौथे स्थान पर है।
![]()
Comments are off for this post.