Last updated: October 16th, 2026 at 07:26 pm

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जातिसूचक गालियां देकर हमला करने का आरोप
चंद्रशेखर आजाद के मुताबिक, सीतापुर जिले के कमलापुर थाना क्षेत्र के लुधौरा गांव में दलित युवक मनोज कुमार पर कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमले के दौरान जातिसूचक गालियां भी दी गईं।
परिजनों के अनुसार, मनोज कुमार की पत्नी और बेटी जब बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल मनोज को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
इस घटना को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाने चाहिए।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से अपील की कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए और किसी भी आरोपी को बख्शा न जाए।
पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है आजाद समाज पार्टी
चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की स्थानीय टीम घटना के बाद से पीड़ित परिवार के साथ है। उन्होंने कहा कि संगठन परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि मामले में जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
![]()
Comments are off for this post.