Last updated: November 2nd, 2026 at 01:12 pm

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को दिल्ली में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। वह उनकी बेटी और सांसद मीसा भारती के आवास पहुंचीं, जहां उन्होंने लालू यादव का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। पिछले कुछ दिनों से लालू यादव की तबीयत खराब चल रही है और फिलहाल दिल्ली एम्स में उनका इलाज जारी है।
दिल्ली एम्स में चल रहा लालू यादव का इलाज
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद लालू प्रसाद यादव को पहले पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों ने उनकी जरूरी जांच की और कुछ समय तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा। हालत स्थिर होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इसके बाद बेहतर इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श के लिए उन्हें दिल्ली ले जाया गया। फिलहाल उनका उपचार एम्स में चल रहा है। लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने भी जानकारी दी थी कि उनकी तबीयत स्थिर बनी हुई है।
सोनिया गांधी के साथ पुरानी यादों पर हुई चर्चा
सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी ने आवास पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान दोनों नेताओं ने पुराने दिनों को भी याद किया।
लालू यादव ने अपनी पोस्ट में यूपीए सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए लिखा कि उस दौरान युवाओं, किसानों, जवानों और आम लोगों के हित में पारदर्शी और जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई थीं। उन्होंने मनरेगा, शिक्षा का अधिकार (RTE) और सूचना का अधिकार (RTI) जैसे कानूनों को देशवासियों को सशक्त बनाने वाला कदम बताया।
बिहार के विकास के लिए 1.45 लाख करोड़ रुपये देने का किया जिक्र
लालू यादव ने अपनी पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान बिहार को मिले आर्थिक सहयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि उस समय बिहार के विकास के लिए एक लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी गई थी।
सोनिया गांधी और लालू यादव की इस मुलाकात की राजनीतिक हलकों में भी चर्चा हो रही है। दोनों नेताओं के बीच पुराने राजनीतिक संबंधों और यूपीए सरकार के दौर की यादों का जिक्र इस मुलाकात को खास बना रहा है।
![]()
Comments are off for this post.