Human Live Media

HomeNewsदीया मिर्जा की पटाखे न जलाने की अपील पर महाराष्ट्र में सियासी घमासान, BJP-शिवसेना ने घेरा तो कांग्रेस आई समर्थन में

दीया मिर्जा की पटाखे न जलाने की अपील पर महाराष्ट्र में सियासी घमासान, BJP-शिवसेना ने घेरा तो कांग्रेस आई समर्थन में

मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर अभिनेत्री दीया मिर्जा की ओर से की गई अपील अब राजनीतिक विवाद का
images – 2026-11-02T190820.294

मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर अभिनेत्री दीया मिर्जा की ओर से की गई अपील अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुकी है। दिवाली पर पटाखे नहीं जलाने की अपील वाले उनके वीडियो को लेकर भाजपा और शिवसेना के नेताओं ने सवाल उठाए हैं, जबकि कांग्रेस नेताओं ने अभिनेत्री का समर्थन किया है। विवाद बढ़ने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने भी अपने सोशल मीडिया से संबंधित वीडियो हटा लिया है।

Table of Contents

    दरअसल, बीएमसी ने दिवाली के दौरान प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से एक जागरूकता अभियान चलाया था। इसके तहत अभिनेत्री दीया मिर्जा और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे समेत कई जानी-मानी हस्तियों ने लोगों से पटाखे नहीं जलाने की अपील की थी। वीडियो सामने आने के बाद कुछ राजनीतिक नेताओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

    दीया मिर्जा ने दी अपनी सफाई

    विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए दीया मिर्जा ने समाचार एजेंसी ANI से कहा कि जिस वीडियो को बॉम्बे हाई कोर्ट और बीएमसी ने जनहित में रिकॉर्ड करवाया था, उसकी आलोचना क्यों की जा रही है? उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण गंभीर चिंता का विषय है और इसे कम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का स्वागत होना चाहिए। अभिनेत्री के मुताबिक, प्रदूषण का सीधा संबंध लोगों के स्वास्थ्य से है।

    संजय निरुपम और शायना एनसी ने जताई नाराजगी

    शिवसेना नेता संजय निरुपम ने दीया मिर्जा की अपील का विरोध करते हुए कहा कि अभिनेत्री दिवाली की सदियों पुरानी परंपराओं के खिलाफ बोल रही हैं। उन्होंने पटाखे जलाने और आतिशबाजी को त्योहार की परंपरा से जोड़ते हुए अभिनेत्री से सवाल किया कि क्या उन्होंने कभी अपने समुदाय के लोगों की ओर से सड़कों पर जुमे की नमाज पढ़ने का विरोध किया है?

    वहीं, शिवसेना प्रवक्ता शायना एनसी ने कहा कि दिवाली रोशनी का त्योहार है और इसके साथ एक सांस्कृतिक पहचान जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रदूषण फैलाने या पटाखे जलाने को बढ़ावा नहीं दे रहा है, लेकिन इस विषय पर सभी को आत्मचिंतन करने की जरूरत है।

    मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने लगाए राजनीतिक आरोप

    मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने भी अभिनेत्री पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि दीया मिर्जा पहले नर्मदा परियोजना और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे मुद्दों पर विरोध जता चुकी हैं। तावड़े ने आरोप लगाया कि अभिनेत्री की राजनीतिक विचारधारा लगातार हिंदुत्व के विरोध में दिखाई देती है।

    उन्होंने कहा कि हिंदू समुदाय को दिवाली मनाने का तरीका किसी से सीखने की जरूरत नहीं है। लोग अपनी परंपराओं और त्योहारों को अच्छी तरह समझते हैं।

    नितेश राणे बोले- मुख्यमंत्री से करूंगा बात

    महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दीया मिर्जा दिवाली के समय पर्यावरण को लेकर अपील करती हैं, लेकिन ईद, मुहर्रम और बकरीद जैसे त्योहारों पर ऐसी सलाह नहीं देतीं। राणे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की बात सभी त्योहारों के संदर्भ में होनी चाहिए।

    उन्होंने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के सामने उठाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने पर चर्चा करने की बात कही।

    वारिस पठान ने उठाए विरोध के तरीके पर सवाल

    AIMIM नेता वारिस पठान ने दीया मिर्जा का समर्थन करते हुए कहा कि बॉम्बे हाई कोर्ट ने दिवाली के दौरान ध्वनि प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी खतरों को देखते हुए सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ने को लेकर निर्देश दिए हैं।

    उन्होंने सवाल किया कि जब अभिनेत्री की अपील प्रदूषण और स्वास्थ्य से जुड़ी है, तो उनके खिलाफ इस तरह का विरोध क्यों किया जा रहा है? पठान ने इसे चुनिंदा विरोध बताते हुए नेताओं से पूछा कि क्या यह दोहरा रवैया नहीं है?

    रामदास अठावले ने कहा- मामला किसी एक समुदाय का नहीं

    केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि दीया मिर्जा एक फिल्म अभिनेत्री हैं और उनका मुस्लिम समुदाय से संबंध है, लेकिन यह विवाद किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि भारत में सभी धर्मों को अपने त्योहार मनाने का अधिकार है।

    अठावले ने कहा कि जिस तरह मुस्लिम समुदाय ईद और रमजान मनाता है, उसी तरह हिंदू समुदाय दिवाली मनाता है और सभी को एक-दूसरे के त्योहारों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पटाखे नहीं जलाने से दिवाली का महत्व कुछ कम हो सकता है, लेकिन अत्यधिक प्रदूषण को लेकर चिंता करना भी जरूरी है।

    कांग्रेस ने अभिनेत्री के समर्थन में उठाई आवाज

    कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने दीया मिर्जा का समर्थन करते हुए कहा कि अभिनेत्री ने कोई गलत बात नहीं कही है। उन्होंने इस पूरे विवाद को विकृत मानसिकता का उदाहरण बताया और आरोप लगाया कि इस तरह के विवादों का उद्देश्य देश की एकता को प्रभावित करना है।

    फिलहाल, प्रदूषण कम करने की अपील से शुरू हुआ यह मामला महाराष्ट्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बन गया है। एक ओर कुछ नेता इसे दिवाली की परंपराओं से जोड़ रहे हैं, तो दूसरी ओर समर्थक इसे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़ा अभियान बता रहे हैं।

    Loading

    Comments are off for this post.