Last updated: November 16th, 2026 at 12:02 pm

पटना: मुंबई में छठ पूजा के सार्वजनिक आयोजनों और भोजपुरी गानों को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे की टिप्पणी ने बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर छठ पूजा से जुड़ी रील्स और रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने इसे सांस्कृतिक आक्रामकता करार दिया। साथ ही दावा किया कि मनसे कार्यकर्ताओं ने ऐसे गानों को बंद कराया था। उनके इस बयान के बाद बिहार के नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
प्रेम कुमार ने राज ठाकरे के बयान को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सोमवार को एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में राज ठाकरे के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिस समय देशभर में करोड़ों लोग आस्था के महापर्व छठ को श्रद्धा और विश्वास के साथ मना रहे हैं, उस समय इस तरह की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रेम कुमार ने कहा कि छठ पूजा कोई नया पर्व नहीं है, बल्कि सदियों पुरानी परंपरा है, जिसे लोग पूरी आस्था के साथ मनाते आ रहे हैं। उन्होंने राज ठाकरे की टिप्पणी को उनकी वैचारिक सोच का दिवालियापन बताया और कहा कि ऐसे बयानों से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।
देशवासियों से माफी मांगें राज ठाकरे: प्रेम कुमार
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने आगे कहा कि राज ठाकरे को अपने बयान पर समय रहते देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने इस टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि छठ जैसे महापर्व के प्रति सम्मान का भाव होना चाहिए। प्रेम कुमार ने चेतावनी दी कि देश की जनता ऐसे बयानों को स्वीकार नहीं करेगी और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
रोहिणी आचार्य ने BJP और NDA पर उठाए सवाल
इस पूरे विवाद में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राज ठाकरे पर निशाना साधा। रोहिणी ने कहा कि बिहार और छठ की संस्कृति एवं परंपराओं को लेकर इस तरह की अमर्यादित टिप्पणियां लगातार की जाती हैं, जो बेहद निंदनीय हैं।
उन्होंने बीजेपी और एनडीए के नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए। रोहिणी आचार्य ने कहा कि महाराष्ट्र से लेकर केंद्र और बिहार तक सत्ता में बैठे बीजेपी-एनडीए के मंत्री, सांसद और विधायक इस मुद्दे पर मौन हैं।रोहिणी ने आरोप लगाया कि छठ जैसे पवित्र अवसर पर विवादित बयान देने वालों के खिलाफ सरकार की ओर से कानूनी कार्रवाई नहीं होना बिहार के प्रति बीजेपी की मानसिकता को उजागर करता है।
फिलहाल राज ठाकरे की टिप्पणी के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। छठ पूजा, भोजपुरी संस्कृति और मुंबई में सार्वजनिक आयोजनों को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब महाराष्ट्र से निकलकर बिहार की सियासत का मुद्दा बन गया है।
![]()
Comments are off for this post.