Last updated: November 17th, 2026 at 02:50 pm

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। नई सूची के मुताबिक, प्रदेश में अब कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई है। इससे पहले अप्रैल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाताओं की संख्या 13.39 करोड़ दर्ज की गई थी। यानी पिछले करीब सात महीनों में प्रदेश में 18.84 लाख नए मतदाता जुड़े हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार, 17 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नई मतदाता सूची के आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि इस बार सूची में 18 से 19 वर्ष की आयु के करीब 11 लाख युवा मतदाताओं को शामिल किया गया है। ये युवा आगामी चुनावों में पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
7.38 करोड़ पुरुष और 6.20 करोड़ महिला मतदाता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों को मिलाकर जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 7.38 करोड़ पुरुष, 6.20 करोड़ महिलाएं और 4,206 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। पिछले सात महीनों के दौरान पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7.87 लाख और महिला मतदाताओं की संख्या में 10.96 लाख की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश का मतदाता जेंडर रेशियो 840 है। इसका मतलब है कि प्रत्येक 1,000 पुरुष मतदाताओं पर 840 महिला मतदाता हैं।
1.18 करोड़ युवा मतदाता करेंगे पहली बार मतदान
नई मतदाता सूची में युवाओं की भागीदारी भी अहम है। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में करीब 11 लाख नए मतदाता 18 से 19 वर्ष की आयु के हैं। वहीं, आगामी चुनाव में लगभग 1.18 करोड़ युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव आयोग का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
75 जिलों में राजनीतिक दलों के साथ होगी बैठक
ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद प्रदेश के सभी 75 जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान उन्हें नई मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी और पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। आम नागरिक भी अपने जिले के निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम देख सकेंगे।
प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास भी मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। BLO 17 से 20 नवंबर तक टेबल टॉप एक्सरसाइज के माध्यम से सूची में संभावित गड़बड़ियों और गलतियों की पहचान करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची की जांच और सुधार की प्रक्रिया में सहयोग मिल सके।
दरअसल, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR)-2027 का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट करना, गलतियों को दूर करना और सभी पात्र नागरिकों का नाम इसमें शामिल करना है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जारी हुई यह ड्राफ्ट वोटर लिस्ट राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम मतदाताओं के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
![]()
Comments are off for this post.