Last updated: November 18th, 2026 at 12:20 pm
झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। दिल्ली से पहुंची सीबीआई की विशेष टीम ने 16 और 17 नवंबर को रांची के पिठोरिया स्थित डहूटोली गांव में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान जांच एजेंसी ने क्राइम सीन रीक्रिएशन भी किया, ताकि मौत से पहले की परिस्थितियों को समझा जा सके।
जांच से जुड़े शुरुआती संकेतों के मुताबिक, घटना के समय निशा भगत अपने घर में अकेली थीं। घटनास्थल के कमरे में किसी बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी के साक्ष्य फिलहाल सामने नहीं आए हैं। हालांकि, सीबीआई इस मामले में किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी डिजिटल और फॉरेंसिक सबूतों की जांच कर रही है।
फेसबुक लाइव के दौरान गिरा था मोबाइल फोन
जांच में निशा भगत के मोबाइल फोन को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले वह इसी मोबाइल से फेसबुक लाइव कर रही थीं। इसी दौरान फंदे से झूलने के समय मोबाइल किसी वस्तु से टकराकर नीचे गिर गया और बंद हो गया था।
मोबाइल फोन के इस तरह नीचे गिरने की वजह से घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठे थे। अब सीबीआई मोबाइल के डिजिटल डेटा और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों की मदद से यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले और उस दौरान वास्तव में क्या हुआ था।
अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के ठिकानों पर छापेमारी
मामले की जांच के सिलसिले में सीबीआई ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान भी चलाया। करीब आठ घंटे तक चली इस कार्रवाई में अधिकारियों ने दोनों के घरों की तलाशी ली। इस दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए।
इसके अलावा सीबीआई ने ज्योत्सना केरकेट्टा से भी लंबी पूछताछ की। अधिकारियों ने निशा भगत के साथ उनकी दोस्ती, मुलाकातों और आपसी संबंधों से जुड़े सवाल पूछे। जांच एजेंसी ने उनके बयान भी दर्ज किए हैं। अब जब्त किए गए मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जाएगी।
6 नवंबर से शुरू हुआ था पूरा मामला
निशा भगत की मौत का मामला 6 नवंबर को सामने आया था। उस दिन उन्होंने पिठोरिया स्थित अपने घर से फेसबुक लाइव किया था। लाइव के दौरान उन्होंने सरकार और जमीन माफिया पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद उनकी मौत हो गई।
7 नवंबर को निशा के पिता की शिकायत पर अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और साजिश के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना के बाद विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और सीबीआई जांच की मांग उठने लगी।
8 और 9 नवंबर को पुलिस ने मामले की जांच डीएसपी को सौंपी। वहीं, भाजपा और आदिवासी संगठनों ने जांच एजेंसी बदलने की मांग तेज कर दी। जनजातीय आयोग ने भी राज्य सरकार से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा।
10 नवंबर को लापरवाही के आरोपों के बीच पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया। इसी दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा करने का निर्देश दिया।
इसके बाद 12 से 14 नवंबर के बीच केंद्र सरकार ने सीबीआई जांच की अधिसूचना जारी की। दिल्ली स्थित सीबीआई स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 ने केस दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली।
अब 16 और 17 नवंबर को हुई छापेमारी और क्राइम सीन रीक्रिएशन के बाद जांच एक अहम मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। फिलहाल सीबीआई डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
![]()
Comments are off for this post.