Human Live Media

HomeNewsयोगी के ‘B-टीम’ वाले बयान पर चंद्रशेखर आजाद का पलटवार, बोले- बिजनौर से चुनाव लड़िए, आपका स्वागत है

योगी के ‘B-टीम’ वाले बयान पर चंद्रशेखर आजाद का पलटवार, बोले- बिजनौर से चुनाव लड़िए, आपका स्वागत है

उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के बीच जुबानी जंग तेज हो गई
story_-_2022-02-04t161001.995-sixteen_nine

उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। चंद्रशेखर और असदुद्दीन ओवैसी के बीच गठबंधन को लेकर योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी पर अब भीम आर्मी प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने साफ कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा किसी राजनीतिक दल की बी-टीम नहीं है, बल्कि उसकी अपनी विचारधारा और स्वतंत्र राजनीतिक पहचान है।

Table of Contents

    दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में चंद्रशेखर और ओवैसी के गठबंधन को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अपनी बी-टीम के तौर पर हैदराबाद के मौलाना और चंद्रशेखर को राजनीतिक मैदान में उतारा है। योगी के इसी बयान पर अब चंद्रशेखर आजाद ने पलटवार किया है।

    ‘हम किसी के इशारे पर राजनीति नहीं करते’

    मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा न तो किसी राजनीतिक दल की बी-टीम है और न ही किसी दूसरे के निर्देश पर राजनीति करता है। उन्होंने कहा कि संगठन की अपनी विचारधारा, संघर्ष और अलग राजनीतिक पहचान है।

    चंद्रशेखर के मुताबिक, उनकी राजनीति का मुख्य उद्देश्य बहुजन समाज को अधिकार, सम्मान और सत्ता में उचित भागीदारी दिलाना है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके संगठन को किसी दूसरे राजनीतिक दल से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है।

    चंद्रशेखर आजाद ने आगे कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा किसी पार्टी की बी-टीम नहीं, बल्कि बहुजन समाज और आम जनता की टीम है। उन्होंने दावा किया कि उनके संगठन का राजनीतिक भविष्य जनता तय करेगी, न कि सत्ता में बैठे नेता। योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए दूसरे दलों और संगठनों पर बी-टीम होने का आरोप लगाना उचित नहीं है।

    बिजनौर से चुनाव लड़ने की दी चुनौती

    अपने जवाब में चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधे चुनौती भी दे दी। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को अपनी राजनीतिक ताकत पर भरोसा है, तो उन्हें बिजनौर से चुनाव लड़ना चाहिए। चंद्रशेखर ने तंज कसते हुए कहा कि वह उनका स्वागत करेंगे।

    योगी आदित्यनाथ और चंद्रशेखर आजाद के बीच इस बयानबाजी के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री की ओर से इस पलटवार पर कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।

    Loading

    Comments are off for this post.