Last updated: November 22nd, 2026 at 07:27 am

जम्मू-कश्मीर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के नजदीक तलाशी अभियान के दौरान करीब 6 करोड़ रुपये कीमत का संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। बरामद पदार्थ का वजन लगभग 827 ग्राम बताया जा रहा है और यह हेरोइन जैसा दिखता है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई शनिवार को उत्तरी कश्मीर के करनाह इलाके के अमरोही गांव में की गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने यहां घेराबंदी कर तलाशी अभियान (CASO) चलाया था। इसी दौरान अमरोही निवासी ज़मीर अहमद तुंच के घर की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान घर से एक काला पॉलीथीन बैग मिला, जिसमें संदिग्ध नशीला पदार्थ रखा हुआ था। शुरुआती जांच में पदार्थ के हेरोइन होने की आशंका जताई गई है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही बरामदगी के पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस इसके सप्लाई नेटवर्क और आगे-पीछे जुड़े संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
![]()
Comments are off for this post.