Last updated: November 22nd, 2026 at 07:34 am

जम्मू-कश्मीर में सरकारी भर्तियों को लेकर लगातार सामने आ रहे विवादों पर मीरवाइज-ए-कश्मीर डॉ. मौलवी मोहम्मद उमर फारूक ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटाले और अनियमितताएं प्रदेश के हजारों शिक्षित युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। मीरवाइज ने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने के साथ जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
शनिवार को श्रीनगर के एम.ए. रोड पर एक उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पहले से ही बेरोजगारी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। ऐसे हालात में सरकारी नौकरियों के लिए होने वाली परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोप युवाओं के साथ गंभीर अन्याय हैं। उम्मीदवार नौकरी की उम्मीद में सालों तक मेहनत करते हैं, लेकिन कथित अनियमितताओं के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।
मीरवाइज ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने मांग की कि सामने आए आरोपों की गहराई से जांच हो और यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर में सामने आए खराब मांस यानी रोटन मीट मामले पर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल उठाया कि पहले इस मामले में जो जांच कराई गई थी, उसका नतीजा क्या निकला और अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है।
मीरवाइज के मुताबिक, केवल खराब मांस को जब्त करके नष्ट कर देना पर्याप्त नहीं है। सार्वजनिक स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले लोगों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाना जरूरी है। उन्होंने समाज से भी अपील की कि ऐसे मामलों में दोषी साबित होने वाले लोगों का विरोध किया जाए। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी के खिलाफ सामाजिक बहिष्कार का फैसला केवल स्थापित तथ्यों के आधार पर होना चाहिए, न कि अफवाहों या महज आरोपों पर।
वहीं, नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान के प्रतिनिधि की भागीदारी पर भी मीरवाइज ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भारत सरकार के निमंत्रण को स्वीकार कर पाकिस्तान के प्रतिनिधि के शामिल होने को बेहतर संवाद की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के बहुपक्षीय मंच भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत के नए रास्ते खोल सकते हैं। मीरवाइज ने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी समझ और शांतिपूर्ण संबंधों को मजबूत बनाने के लिए बातचीत और संपर्क बनाए रखना जरूरी है।
![]()
Comments are off for this post.