Human Live Media

HomeNewsBJP-Akali Dal गठबंधन पर केजरीवाल का तंज, बोले- सत्ता के लिए साथ आते हैं और फिर अलग हो जाते हैं

BJP-Akali Dal गठबंधन पर केजरीवाल का तंज, बोले- सत्ता के लिए साथ आते हैं और फिर अलग हो जाते हैं

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच हुए गठबंधन ने सियासी हलचल
arvind-kejriwal-on-bjp-sad-alliance-1795509223

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच हुए गठबंधन ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। करीब छह साल बाद दोनों दलों के फिर से एक साथ आने पर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां सत्ता हासिल करने के लिए साथ आती हैं, फिर अलग हो जाती हैं और कुछ समय बाद दोबारा एकजुट हो जाती हैं।

Table of Contents

    केजरीवाल ने पंजाब की भगवंत मान सरकार का बचाव करते हुए कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य सत्ता की राजनीति करना नहीं, बल्कि राज्य का विकास करना है। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब की स्थिति सुधारने के लिए लगातार काम किया है। केजरीवाल के मुताबिक, पिछले 70 से 75 वर्षों में राज्य को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई करने की कोशिश की जा रही है।

    किसान आंदोलन का जिक्र कर अकाली दल पर AAP का हमला

    भाजपा-अकाली दल के गठबंधन पर आम आदमी पार्टी के नेता तरनप्रीत सिंह सोंध ने भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियों के बीच राजनीतिक नजदीकियां कभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई थीं और वे पिछले करीब 30 वर्षों से किसी न किसी रूप में साथ रहे हैं।

    सोंध ने किसान आंदोलन और तीन कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए अकाली दल पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि कानूनों के विरोध के दौरान किसानों को दिल्ली की सीमाओं पर संघर्ष करना पड़ा और 750 किसानों की जान चली गई। उनके मुताबिक, उस समय अकाली दल ने भाजपा से अलग होने का फैसला राजनीतिक रणनीति के तहत लिया था। अब दोबारा गठबंधन करना शर्मनाक है।

    अमित शाह ने किया गठबंधन का औपचारिक ऐलान

    दरअसल, मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। इस दौरान शाह ने सुखबीर सिंह बादल का NDA में वापसी पर स्वागत किया और अकाली दल को गठबंधन का पुराना सहयोगी बताया।

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने पंजाब से भ्रष्टाचार और नशे की समस्या खत्म करने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पंजाब में NDA की सरकार बनने का भरोसा जताया।

    117 सीटों पर मुकाबले से पहले तेज हुई सियासी खींचतान

    भाजपा और अकाली दल के एक साथ आने के बाद पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बनने लगे हैं। राज्य की 117 विधानसभा सीटों पर 2027 में होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति तेज कर दी है।

    एक तरफ आम आदमी पार्टी अपनी सरकार के कामकाज को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी चुनावी मैदान में सक्रिय है। भाजपा ने सिख और हिंदू मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए पुराने सहयोगी अकाली दल के साथ फिर से गठबंधन किया है।

    हालांकि, इस गठबंधन में सीटों के बंटवारे और मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में आने वाले दिनों में पंजाब की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है।

    Loading

    Comments are off for this post.