Human Live Media

HomeNewsकश्मीर-लद्दाख का सफर होगा आसान! 6-8 महीने में तैयार हो सकती है ज़ोजिला टनल, गडकरी ने दिया बड़ा अपडेट

कश्मीर-लद्दाख का सफर होगा आसान! 6-8 महीने में तैयार हो सकती है ज़ोजिला टनल, गडकरी ने दिया बड़ा अपडेट

कश्मीर से लद्दाख जाने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सामरिक और परिवहन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण ज़ोजिला
WhatsApp Image 2026-11-25 at 9.28.39 AM

कश्मीर से लद्दाख जाने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सामरिक और परिवहन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण ज़ोजिला सुरंग परियोजना जल्द पूरी हो सकती है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को बताया कि सुरंग का करीब 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अगले 6 से 8 महीनों में इसके तैयार होने की संभावना है।

Table of Contents

    नई दिल्ली में आयोजित 7वें वर्ल्ड लैंडस्लाइड फोरम (WLF-7) को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि हिमालय जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क और सुरंग निर्माण के दौरान विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाओं के लिए स्थानीय भूगर्भीय स्थिति, जल विज्ञान और पहाड़ों की ढलान की स्थिरता को समझना जरूरी है। इसके साथ ही आधुनिक तकनीक और लगातार निगरानी भी महत्वपूर्ण है।

    ज़ोजिला सुरंग परियोजना को कश्मीर घाटी और लद्दाख के बीच हर मौसम में संपर्क बनाए रखने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इस सुरंग की लंबाई 13.153 किलोमीटर है। इसे समुद्र तल से करीब 11,578 फीट की ऊंचाई पर बनाया जा रहा है। करीब 6,500 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना एशिया की सबसे लंबी सड़क सुरंग परियोजनाओं में शामिल है।

    इस परियोजना में 9 जून को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई थी, जब सुरंग की दोनों ओर से की जा रही खुदाई का काम आपस में जुड़ गया और 13 किलोमीटर से अधिक खुदाई पूरी हो गई।

    सुरंग के चालू होने के बाद श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही काफी आसान हो जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, ज़ोजिला दर्रे से गुजरने में लगने वाला करीब एक से डेढ़ घंटे का समय घटकर लगभग 15 मिनट रह जाएगा।

    फिलहाल भारी बर्फबारी के कारण ज़ोजिला दर्रा सर्दियों के करीब तीन महीनों तक बंद रहता है। ऐसे में सुरंग शुरू होने से लद्दाख को सालभर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसका फायदा आम यात्रियों के साथ-साथ सेना की आवाजाही को भी मिलेगा।

    बालटाल से लद्दाख के मिनिमर्ग तक बनने वाली इस परियोजना में 18 किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड और पुल भी शामिल हैं। निर्माण एजेंसी मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MEIL) पहाड़ों की कठिन भू-संरचना में सुरंग बनाने के लिए न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड (NATM) तकनीक का इस्तेमाल कर रही है।

    Loading

    Comments are off for this post.