Last updated: November 26th, 2026 at 12:55 pm

श्रीनगर: अमरनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव शेषनाग झील के आसपास चल रहे ट्रैक प्रोजेक्ट को लेकर जम्मू-कश्मीर की राजनीति गरमा गई है। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने इस परियोजना पर गंभीर सवाल उठाते हुए बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) के साथ किए गए समझौता ज्ञापन (MoU) को रद्द करने की मांग की है। उन्होंने पर्यावरण के लिहाज से संवेदनशील इस इलाके में पहुंचाई गई भारी मशीनरी, खासकर JCB को तत्काल हटाने की अपील की है।
श्रीनगर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महबूबा मुफ्ती ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की सरकार से पूछा कि पर्यावरण प्रभाव आकलन किए बिना शेषनाग ट्रैक प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की अनुमति कैसे दे दी गई। उनका कहना है कि इस तरह के निर्माण कार्य से शेषनाग झील के प्राकृतिक स्वरूप और नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
महबूबा ने 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाके में भारी मशीनों के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि ग्लेशियर और पहाड़ी क्षेत्र का अपना प्राकृतिक तंत्र होता है। ऐसे में JCB जैसी भारी मशीनरी से की जाने वाली खुदाई पर्यावरण के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है।
पीडीपी प्रमुख ने साफ कहा कि शेषनाग केवल घूमने-फिरने की जगह नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी राजनीतिक दल या धर्म से जुड़ा नहीं है, बल्कि कश्मीर के पर्यावरण, प्राकृतिक अस्तित्व और अमरनाथ यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से संबंधित है।
उन्होंने सरकार से BRO के साथ हुए समझौते की शर्तों को सार्वजनिक करने की मांग भी की। महबूबा के मुताबिक, लोगों को यह जानने का अधिकार है कि सरकार ने इस परियोजना को लेकर किन शर्तों पर समझौता किया है और इसके तहत किस तरह के निर्माण कार्यों की अनुमति दी गई है।
महबूबा मुफ्ती ने यह भी सवाल उठाया कि संबंधित मंत्री के दौरे के बाद परियोजना को कथित तौर पर क्लीन चिट कैसे दे दी गई। उन्होंने मांग की कि पर्यावरण विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों को शेषनाग क्षेत्र का दौरा करने की अनुमति दी जाए, ताकि वहां चल रहे काम और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।
इस पूरे मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। साथ ही पर्यावरण विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों की एक संयुक्त समिति गठित करने का सुझाव दिया है। महबूबा की मांग है कि जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य रोका जाए और इलाके से भारी मशीनरी हटा ली जाए।
अब देखना होगा कि महबूबा मुफ्ती की मांगों पर उमर अब्दुल्ला सरकार और संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं। शेषनाग झील के संरक्षण और ट्रैक प्रोजेक्ट को लेकर आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।
![]()
Comments are off for this post.