Last updated: November 26th, 2026 at 01:01 pm
Screenshotभारत और मलेशिया की सेनाएं आपसी सैन्य सहयोग को मजबूत करने के साथ आधुनिक युद्ध कौशल का अभ्यास कर रही हैं। इसी कड़ी में संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमऊ शक्ति 2026’ के सातवें संस्करण के दौरान दोनों देशों के सैनिकों ने कॉम्बैट ट्रैकिंग और हाउस इंटरवेंशन जैसी विशेष सैन्य गतिविधियों का शानदार प्रदर्शन किया।
इस संयुक्त अभ्यास में भारतीय और मलेशियाई सेना के जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अभियान चलाने की अपनी क्षमता दिखाई। अभ्यास के दौरान दुश्मन की गतिविधियों का पता लगाने, युद्ध क्षेत्र में सुरागों का पीछा करने और इमारतों के भीतर विशेष सैन्य कार्रवाई करने जैसे कौशल का प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान विशेष सैन्य टीमों के साथ सेना के प्रशिक्षित खोजी कुत्तों यानी K-9 यूनिट ने भी हिस्सा लिया। जवानों और खोजी कुत्तों के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला। अभ्यास में संदिग्धों को काबू करने, बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने और मुश्किल परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई करने की क्षमता पर जोर दिया गया।
सैन्य अभ्यास के दौरान यह भी प्रदर्शित किया गया कि किसी भी चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन में सटीक जानकारी, तेजी से निर्णय लेने और टीम के बीच बेहतर तालमेल की कितनी अहम भूमिका होती है। खास तौर पर K-9 यूनिट और उनके हैंडलर्स के बीच समन्वय को महत्वपूर्ण बताया गया।
दरअसल, ‘हरिमऊ शक्ति’ भारत और मलेशिया के बीच आयोजित होने वाला संयुक्त सैन्य अभ्यास है। इसका उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं को एक-दूसरे की युद्ध रणनीतियों और परिचालन अनुभवों से परिचित कराना है। इस दौरान सैनिकों को साथ मिलकर काम करने और संयुक्त अभियानों की क्षमता विकसित करने का मौका मिलता है।
इस अभ्यास के जरिए भारत और मलेशिया ने रक्षा क्षेत्र में अपने सहयोग को और मजबूत करने का संदेश दिया है। साथ ही दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, युद्ध की तैयारी और आधुनिक सैन्य चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
![]()
Comments are off for this post.