Human Live Media

HomeNewsजम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर बड़ा अपडेट! स्थानीय आतंकी खत्म, अब 65 पाकिस्तानी आतंकियों की तलाश तेज

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर बड़ा अपडेट! स्थानीय आतंकी खत्म, अब 65 पाकिस्तानी आतंकियों की तलाश तेज

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिलने के बाद अब विदेशी आतंकियों पर शिकंजा
Jammu-and-Kashmir-News

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिलने के बाद अब विदेशी आतंकियों पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज हो गई है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, घाटी में सक्रिय आखिरी स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट के मारे जाने के बाद अब केंद्र शासित प्रदेश में कोई सक्रिय स्थानीय आतंकी नहीं बचा है। हालांकि, पाकिस्तान से आए करीब 65 विदेशी आतंकवादी अभी भी सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बने हुए हैं।

Table of Contents

    खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार, इन 65 आतंकियों में 35 लश्कर-ए-तैयबा और 25 जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं। बाकी आतंकियों के संबंध दूसरे प्रतिबंधित संगठनों से बताए जा रहे हैं। सुरक्षा बल इनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और इनका पता लगाने के लिए अलग-अलग इलाकों में अभियान चला रहे हैं।

    दरअसल, 18 नवंबर को कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया था। उसे ढूंढने के लिए करीब आठ दिनों तक तलाशी अभियान चलाया गया था। उसके मारे जाने के बाद सुरक्षा सूत्रों ने कश्मीर घाटी में स्थानीय आतंकियों की मौजूदगी खत्म होने की बात कही है।

    हालांकि, विदेशी आतंकियों की चुनौती अभी बरकरार है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इनकी गतिविधियां जम्मू संभाग के पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़ और डोडा जैसे जिलों के दुर्गम इलाकों में सामने आई हैं। घने जंगलों और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों का फायदा उठाकर ये आतंकी अपनी लोकेशन बदलते रहते हैं। ऐसे में इनकी तलाश के लिए सुरक्षा बलों ने निगरानी और खुफिया नेटवर्क को मजबूत किया है।

    अगर पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकियों की संख्या में लगातार गिरावट आई है। साल 2022 में यहां कुल 135 आतंकी सक्रिय थे, जिनमें 85 विदेशी और 50 स्थानीय थे। वहीं, 2024 में यह आंकड़ा घटकर 91 रह गया। अब सुरक्षा एजेंसियों के अनुमान के मुताबिक करीब 65 विदेशी आतंकी ही सक्रिय हैं।

    इस बीच, आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में सुरक्षा बलों को किश्तवाड़ में भी बड़ी सफलता मिली थी। यहां जैश-ए-मोहम्मद के सैफुल्ला के नेतृत्व वाले सात आतंकियों को अलग-अलग अभियानों में मार गिराया गया। इस कार्रवाई का समापन 22 फरवरी को चत्रू इलाके में ऑपरेशन त्रशी-I के तहत हुआ था। बताया जाता है कि यह समूह अप्रैल 2024 में घुसपैठ करके आया था।

    जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी क्षेत्र को जल्द आतंकवाद मुक्त बनाने का भरोसा जता चुके हैं। 18 नवंबर को उधमपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि अब केंद्र शासित प्रदेश में केवल मुट्ठी भर विदेशी आतंकवादी ही बचे हैं।

    फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों का फोकस सिर्फ आतंकियों को ढूंढने तक सीमित नहीं है। उनके मददगार नेटवर्क को खत्म करना, सीमा पार से घुसपैठ रोकना और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाना भी प्राथमिकता में शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकियों की लगातार बदलती लोकेशन के कारण उनकी संख्या में बदलाव संभव है। ऐसे में जम्मू-कश्मीर को पूरी तरह आतंकवाद मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी है।

    Loading

    Comments are off for this post.