Last updated: November 27th, 2026 at 02:35 pm

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी से लेकर महंगाई, कानून-व्यवस्था और परिसीमन तक के मुद्दों पर उन्होंने सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि वोटर लिस्ट में सामने आ रही विसंगतियों को लेकर समाजवादी पार्टी चुनाव आयोग से मुलाकात करेगी। अगर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के आंकड़ों में अंतर पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 1.27 करोड़ वोट कम होने की बात कह रहे हैं, जबकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार यह संख्या ढाई करोड़ है। अखिलेश ने सवाल किया कि आखिर दोनों में सही आंकड़ा कौन सा है? उन्होंने दावा किया कि 17 नवंबर तक भाजपा ने 2.22 लाख वोट बढ़वाए हैं और फॉर्म-6 भरने की संख्या सामान्य से 22 गुना तक अधिक रही है। सपा प्रमुख के मुताबिक, पहले शहरी क्षेत्रों में गड़बड़ी हुई और अब ग्रामीण इलाकों में भी मतदाता सूची को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी मतदाता सूची में सुधार के लिए काम कर रही है और सभी आंकड़ों के साथ चुनाव आयोग के सामने अपना पक्ष रखेगी। उन्होंने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की पैरवी करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग एक देश-एक चुनाव की बात करते हैं, वे पहले एक सही मतदाता सूची तैयार करके दिखाएं।
इसके बाद अखिलेश ने महंगाई और प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरसों तेल, तिल का तेल, दूध, चीनी और बिजली बिल की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला उठाकर भी उन्होंने सवाल किए। वहीं, परिसीमन को लेकर उन्होंने आशंका जताई कि इसके जरिए आंकड़ों का खेल किया जा सकता है, जो भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक भूल साबित होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अब उनकी विदाई का समय आ गया है और उन्हें तय करना है कि वेनिस जाना है या स्पेन। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के हाथ से चुनाव निकल चुका है।
इस दौरान भाजपा छोड़कर कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें नोएडा के शिक्षाविद मुकेश शर्मा, गोरखपुर के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी, रायबरेली के व्यापारी नेता प्रभाकर गुप्ता, केके साहू और तिलोई के शत्रुघ्न लोधी शामिल हैं। अखिलेश यादव ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए मुकेश शर्मा की तारीफ की और कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा के साथ व्यावहारिक सोच भी जरूरी है।
अखिलेश यादव ने गोरखपुर में एक बच्चे की मौत के मामले को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस घटना में सपा कार्यकर्ताओं को कथित रूप से गलत तरीके से फंसाया गया है। पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने अर्जुनगंज मामले में भी गोरखपुर की घटना की तरह मुआवजा देने की मांग उठाई।
वहीं, रायबरेली में सड़क हादसे में जान गंवाने वाली श्रेया गुप्ता के परिजनों को अखिलेश यादव ने पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रेया को टक्कर मारने वाले डंपर का अब तक पता नहीं चल पाया है और मामले में कार्रवाई होनी चाहिए।
पीडीए आंदोलन का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने दावा किया कि इस आंदोलन से सरकार घबराई हुई है और पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ बड़ी संख्या में मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर न किया जाए। अंत में अखिलेश ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा और योजनाओं को बजट में शामिल कर जनता तक उनका लाभ पहुंचाया जाएगा।
![]()
Comments are off for this post.