Last updated: August 26th, 2025 at 01:37 am

बिक्रमगंज। थाना क्षेत्र के धावा पुल के समीप आरा-सासाराम राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोले शंकर नामक यात्री बस और ट्रक में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनभर यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 3:30 बजे पेट्रोल पंप के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भोले शंकर बस पटना से सासाराम की ओर जा रही थी। इसी दौरान धावा पुल के समीप सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कई यात्री घायल होकर बस में फंसे रह गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
सूचना मिलते ही बिक्रमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य यात्रियों का इलाज बिक्रमगंज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद कुछ समय तक आरा-सासाराम हाइवे पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन बहाल कराया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिसके कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में मातम छा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]()
No Comments