Human Live Media

HomeStateBiharकोचस में आभूषण दुकान से करोड़ों की चोरी, आक्रोशित लोगों ने छह घंटे तक रोका एनएच,

कोचस में आभूषण दुकान से करोड़ों की चोरी, आक्रोशित लोगों ने छह घंटे तक रोका एनएच,

कोचस (रोहतास)। नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार में रविवार की देर रात करोड़ों की चोरी की बड़ी वारदात हुई।
IMG-20250825-WA0005

कोचस (रोहतास)। नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार में रविवार की देर रात करोड़ों की चोरी की बड़ी वारदात हुई। अज्ञात चोरों ने शटर काटकर सासाराम रोड स्थित कंचन ज्वेलर्स से सोना-चांदी के आभूषण और नगदी समेत लगभग छह करोड़ रुपये मूल्य का माल चोरी कर लिया। सोमवार की सुबह जब दुकान मालिक सूरज सेठ दुकान खोलने पहुंचे तो घटना का खुलासा हुआ।

Table of Contents

    दुकान का ताला और शटर टूटा पाया गया। अंदर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था और शोकेस खाली मिले। चोरी की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित दुकानदार सूरज सेठ ने बताया कि “जीवनभर की कमाई अपराधियों ने लूट ली।”

    गश्त पर उठे सवाल, व्यापारी उतरे सड़क पर

    घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और स्वर्ण व्यवसायी आक्रोशित हो उठे। उन्होंने कोचस बाजार की सभी दुकानें बंद कर दीं और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े किए। आक्रोशित भीड़ महात्मा गांधी चौक पर जुटकर धरने पर बैठ गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस की लापरवाही के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और लगातार घटनाएं हो रही हैं।

    छह घंटे तक ठप रहा राष्ट्रीय राजमार्ग

    लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने मोहनिया-आरा राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। करीब छह घंटे तक एनएच पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। यात्री, खासकर स्कूली बच्चों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी हुई।

    डीएसपी ने दिलाया भरोसा, तब खुला जाम

    स्थिति बिगड़ती देख सासाराम एसडीपीओ टू कुमार वैभव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है तथा अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हुआ।

    डॉग स्क्वॉड और तकनीकी टीम कर रही जांच

    घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और तकनीकी टीम को जांच में लगाया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि चोरी गए आभूषणों की सही कीमत का अब तक स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आया है, क्योंकि दुकानदार की ओर से आधिकारिक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद ही आभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन संभव होगा।

    रोहतास एसपी ने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

    Loading

    No Comments