Human Live Media

HomeStateBiharमेजर ध्यानचंद जयंती पर फजलगंज स्टेडियम में भव्य आयोजन, खिलाड़ियों व दर्शकों की रही ऐतिहासिक भागीदारी

मेजर ध्यानचंद जयंती पर फजलगंज स्टेडियम में भव्य आयोजन, खिलाड़ियों व दर्शकों की रही ऐतिहासिक भागीदारी

सासाराम: राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को फजलगंज स्टेडियम में
IMG-20250829-WA0016

सासाराम: राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को फजलगंज स्टेडियम में खेल विभाग की ओर से भव्य आयोजन किया गया। खेल भावना और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस आयोजन ने जिले के खेल इतिहास में एक नई छाप छोड़ी। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की गई।

Table of Contents

    कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रोहतास विजय कुमार पांडेय ने की। मौके पर उप समाहर्ता नेहा कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, वरीय उप समाहर्ता ओम प्रकाश लाल तथा वरीय उप समाहर्ता सह उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा रोहतास विनय प्रताप भी मौजूद थे।

    खेल केवल मनोरंजन नहीं, जीवन को देता है दिशा : डीडीसी

    मुख्य अतिथि डीडीसी विजय कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि मेजर ध्यानचंद खेल जगत के सूर्य थे। उनके अनुशासन, मेहनत और समर्पण से सभी को सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। राष्ट्रीय खेल दिवस हमें यह याद दिलाता है कि खेल शरीर ही नहीं, बल्कि मन और चरित्र को भी मजबूत बनाते हैं। खेल हमें टीम भावना, अनुशासन, संघर्ष और परिश्रम का पाठ पढ़ाते हैं।

    खेलों को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी : विनय प्रताप

    उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा विनय प्रताप ने कहा कि आज के समय में यह बेहद आवश्यक है कि हर व्यक्ति खेल को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए। खेल न केवल स्वास्थ्य और फिटनेस प्रदान करते हैं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव की दिशा में भी आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा, “मेजर ध्यानचंद जैसे महापुरुष हमें प्रेरित करते हैं कि खेल के मैदान से भी राष्ट्र की सेवा की जा सकती है।”

    स्वस्थ जीवन के लिए प्रतिदिन एक घंटा खेल जरूरी : ओम प्रकाश लाल

    वरीय उप समाहर्ता ओम प्रकाश लाल ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को मिलजुलकर खेलने की प्रेरणा दी और कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा मैदान में आना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि खेल को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकारात्मक ऊर्जा के साथ जीवन को आगे बढ़ाए.

    कबड्डी, हॉकी और क्रिकेट मैच से गूंजा स्टेडियम

     

    आयोजन को रोचक और जीवंत बनाने के लिए दिनभर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सबसे पहले शारीरिक शिक्षकों के बीच कबड्डी मुकाबले खेले गए। पहला मैच प्रेम XI और पवन XI के बीच हुआ, जिसमें पवन XI ने शानदार जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला अरविंद XI और जयशंकर XI के बीच खेला गया, जिसमें जयशंकर XI विजयी रहा।

     

    इसके बाद स्टेडियम XI और रोहतास XI के बीच हॉकी का रोमांचक मैच खेला गया। दर्शकों की गगनभेदी तालियों के बीच स्टेडियम XI ने बाजी मारी। वहीं, ए.बी. क्रिकेट अकादमी के बच्चों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच भी खेला गया, जिसने छोटे खिलाड़ियों में उत्साह और उमंग भर दिया।

    खिलाड़ियों व दर्शकों की ऐतिहासिक उपस्थिति

    खेल परिसर का माहौल दिनभर उल्लास और जोश से भरा रहा। जिले भर से आए शारीरिक शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्कूली बच्चों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। खिलाड़ियों और दर्शकों की बड़ी संख्या ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। सभी ने एक स्वर में संदेश दिया कि खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।

    मंच संचालन और आयोजन

    कार्यक्रम का मंच संचालन नूतन पांडेय एवं सोनी वर्षा ने किया। जबकि आयोजन को सफल बनाने में प्रभात कुमार पाठक और रजनीश श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा।

    मूल उद्देश्य : इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति जोश, अनुशासन और टीम भावना को जागृत करना रहा। मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित इस समारोह ने यह संदेश दिया कि खेल से न केवल स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त होता है।

    Loading

    No Comments