Human Live Media

HomeStateBiharविशेष प्रेक्षक नजमुल होदा की अध्यक्षता में हुई बैठक, 99.96 प्रतिशत निर्वाचकों का दस्तावेज अपलोड

विशेष प्रेक्षक नजमुल होदा की अध्यक्षता में हुई बैठक, 99.96 प्रतिशत निर्वाचकों का दस्तावेज अपलोड

सासाराम, 30 अगस्त। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 की समीक्षा एवं राजनीतिक दलों
WhatsApp Image 2025-08-31 at 12.31.53 PM

सासाराम, 30 अगस्त।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 की समीक्षा एवं राजनीतिक दलों से फीडबैक प्राप्त करने हेतु शनिवार को डीआरडीए सभागार, सासाराम में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विशेष प्रेक्षक (निर्वाचक सूची) श्री नजमुल होदा, भा.पु.से. ने की। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोहतास एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास भी मौजूद रहे।

Table of Contents

    बैठक में जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विशेष प्रेक्षक ने सभी दलों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता निर्वाचक सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से आयोग ने उन्हें भेजा है ताकि स्थानीय स्तर पर किए गए कार्यों की गुणवत्ता का आकलन किया जा सके और राजनीतिक दलों की राय आयोग तक पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि अधिकांश निर्वाचकों के दस्तावेज जमा किए जा चुके हैं। इसके बावजूद यदि किसी स्तर पर समस्या है तो राजनीतिक दल खुलकर अपनी बात रखें।

    बैठक में सभी दलों ने निर्वाचक सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यों के प्रति संतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन मशीनरी द्वारा कार्य निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है।

    99.96 प्रतिशत निर्वाचकों का दस्तावेज अपलोड

    जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि प्रारूप प्रकाशन सूची में दर्ज 21,40,273 निर्वाचकों में से 21,39,325 निर्वाचकों अर्थात 99.96 प्रतिशत का दस्तावेज अपलोड कर दिया गया है। शेष निर्वाचकों को नोटिस निर्गत किया गया है और नियमानुसार जांच की जा रही है।

    उन्होंने बताया कि प्रत्येक सप्ताह प्राप्त होने वाले दावा-आपत्तियों की जानकारी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाती है। इसी क्रम में 23 से 29 अगस्त तक प्रपत्र-6 के 15,875, प्रपत्र-7 के 375 और प्रपत्र-8 के 165 आवेदन दलों को उपलब्ध कराए गए हैं।

    37 हजार प्रपत्र-6 के निष्पादन से सुधरेगा अनुपात

    जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अब तक लगभग 37 हजार प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं जिनका निष्पादन किया जाना शेष है। निष्पादन के बाद निर्वाचक लिंगानुपात एवं EP Ratio में अपेक्षित सुधार होगा। इसके अलावा 4,273 प्रपत्र-7 और 18,584 प्रपत्र-8 भी प्राप्त हुए हैं।

    किसी समुदाय या वर्ग को टारगेट करने की शिकायत नहीं

    विशेष प्रेक्षक ने राजनीतिक दलों से यह जानना चाहा कि क्या निर्वाचक सूची से किसी विशेष समुदाय, वर्ग, जाति या धर्म को लक्ष्य कर नाम विलोपित किए गए हैं अथवा किसी प्रकार की गंभीर समस्या सामने आई है। इस पर सभी दलों ने स्पष्ट कहा कि इस तरह की कोई शिकायत उन्हें नहीं है। स्थानीय स्तर पर उठाई गई समस्याओं का निराकरण भी कर दिया गया है।

    विभिन्न दलों के नेता रहे मौजूद

    बैठक में राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष रामचन्द्र ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी से विजय भारती, भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष प्रिन्स राज, आम आदमी पार्टी से अरुण काशी, भाकपा (माक्र्सवादी) से मो. सतार अंसारी, जदयू से अलख निरंजन, रालोसपा से मनोज कुमार पासवान तथा भाकपा (माले-लिबरेशन) से नंदकिशोर पासवान उपस्थित रहे।

    Loading

    No Comments