Last updated: September 7th, 2025 at 07:04 am

सासाराम: जनता दरबार में हर फरियादी अपनी उम्मीद लेकर पहुँचता है और प्रशासन भी लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहता है। इसी क्रम में शनिवार को रोहतास के जिला पदाधिकारी ने 11 आम नागरिकों की फरियादें सुनीं और तुरंत ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया।
स्थानांतरण का मामला तुरंत भेजा गया
नासरीगंज अंचल कार्यालय के कार्यपालक सहायक दीपक कुमार कश्यप ने डीएम से पारस्परिक स्थानांतरण का अनुरोध किया। उनकी बात सुनते ही डीएम ने आवेदन को स्थापना उप समाहर्ता, रोहतास को निष्पादन हेतु अग्रसारित कर दिया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कर्मचारियों से जुड़ी ऐसी मांगों का निष्पादन लंबित नहीं होना चाहिए।
खतियानी जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायत
ग्राम बकरा (थाना दिनारा) के रघुनाथ प्रसाद राय ने अपनी खतियानी भूमि पर जबरन जोतकोड़ किए जाने की शिकायत रखी। डीएम ने इसे गंभीर मानते हुए मामले को एसडीओ बिक्रमगंज और एसडीपीओ बिक्रमगंज को तत्काल कार्रवाई के लिए भेज दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी तय होगी।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रमाण पत्र का मुद्दा
डिहरी अनुमंडल के दुर्गापुर निवासी प्रमोद कुमार दुबे ने अपने पिता, स्वतंत्रता सेनानी वृज बिहारी दुबे के उत्तराधिकारी प्रमाण पत्र निर्गत करने की माँग की। डीएम ने इसे सामान्य शाखा, रोहतास को तत्काल अग्रसारित कर दिया और अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में देरी करना स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है।
बाकी सभी आवेदन भी हुए अग्रसारित
डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि लोक साक्षात्कार में आए शेष सभी 8 आवेदनों को बिना विलंब संबंधित कार्यालयों को भेजा जाए, ताकि आमजन की समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।
जनता को भरोसा, प्रशासन ने दिया आश्वासन
लोक साक्षात्कार के बाद कई फरियादियों ने कहा कि डीएम से सीधे अपनी बात कह पाने से उन्हें राहत मिली है। उन्हें भरोसा है कि प्रशासन अब उनकी समस्याओं का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करेगा।
डीएम ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि “जनता की समस्याओं का निष्पादन पारदर्शिता और समयबद्धता से होना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
![]()
No Comments