Last updated: September 18th, 2025 at 06:32 pm

वाराणसी, human Live news। कचहरी परिसर में पुलिसकर्मियों पर हुए हमले का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटना के तीसरे दिन भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से हालात और बिगड़ते नजर आ रहे हैं। पहले जहां घायल दरोगा के परिजनों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पर धरना देकर नाराज़गी जताई, वहीं अब वकीलों ने भी मोर्चा खोल दिया है।
दरोगा परिवार का धरना
घायल दरोगा के परिजनों ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पर धरना दिया। उनका आरोप था कि घटना के बावजूद अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। मौके पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर ने भरोसा दिलाया कि हमलावरों की पहचान हो चुकी है और 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी होगी। इसके बाद परिवार ने 48 घंटे की मोहलत देकर धरना समाप्त किया।
वकीलों का गुस्सा फूटा
कमिश्नर के बयान के बाद वकीलों का आक्रोश और बढ़ गया। अधिवक्ताओं ने डीएम कार्यालय के बाहर पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। हालात बिगड़ने की आशंका के चलते प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और शाम तक RRF के जवान तैनात कर दिए। अधिवक्ता अब पुलिस कमिश्नर के तबादले की मांग कर रहे हैं।
दुर्व्यवहार का आरोप
अधिवक्ता विकास सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने वकीलों के साथ हूटिंग और अनुचित व्यवहार किया, जो न्यायिक गरिमा पर सीधा प्रहार है। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो यह पूरे समाज के लिए गंभीर संकेत होगा।
सीएम योगी से हस्तक्षेप की मांग
वकीलों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि न्याय व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने के लिए सरकार को त्वरित और कड़े कदम उठाने होंगे।
![]()
No Comments