Last updated: October 11th, 2025 at 02:29 am

सासाराम। आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, रोहतास की अध्यक्षता में प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन व्यय अनुश्रवण को प्रभावी बनाने हेतु सभी प्रवर्तन एजेंसियों के बीच गहन समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से नगद राशि, शराब, मादक पदार्थ, बहुमूल्य वस्तुएं, उपहार अथवा अन्य प्रलोभन सामग्रियों का वितरण किया जाता है, जो आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन है। ऐसे में सभी प्रवर्तन एजेंसियों को Illegal Cash, Illicit Liquor, Drugs, Narcotics और Freebies की आवाजाही एवं वितरण पर कड़ी नजर रखनी होगी।
उन्होंने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए कुल 22 स्थैतिक निगरानी दल (SST) और 22 उड़नदस्ता दल (FST) का गठन किया गया है। ये सभी दल 24 घंटे सतर्क रहकर जांच कार्य करेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी प्रवर्तन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान निगरानी को सुदृढ़ बनाने हेतु मद्य निषेध, पुलिस विभाग एवं अन्य विभागों के पदाधिकारियों को सम्मिलित करते हुए मल्टी एजेंसी चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जो 24×7 कार्यशील रहेंगे।
बैंक के नोडल पदाधिकारी (एलडीएम) को निर्देश दिया गया कि सभी बैंकों को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित करें कि यदि किसी खाते से छोटी-छोटी रकम में बड़ी संख्या में ऑनलाइन ट्रांजैक्शन किए जा रहे हों, तो उसकी सूचना तुरंत जिला निर्वाचन पदाधिकारी को दी जाए। इसी प्रकार, डाक विभाग के नोडल पदाधिकारी को पार्सलों की स्कैनिंग और चेकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आयकर विभाग के नोडल पदाधिकारी को Undisclosed Cash के मूवमेंट पर सतर्क निगरानी रखने को कहा गया, वहीं सीजीएसटी और एसजीएसटी विभाग के पदाधिकारियों को साड़ी, धोती, टी-शर्ट जैसी Freebies की आवाजाही पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जांच के दौरान आम नागरिकों के प्रति Courteous एवं Decent व्यवहार बनाए रखें और निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एसओपी का पालन करते हुए यह सुनिश्चित करें कि किसी भद्र नागरिक को कोई असुविधा न हो।
उन्होंने सभी एजेंसियों के जिला नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ESMS (Election Seizure Management System) पर अनिवार्य रूप से ऑनबोर्ड हों और इसी माध्यम से प्रतिदिन की जब्ती की रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें।
बैठक में सभी प्रवर्तन एजेंसियों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। डीएम ने कहा कि समन्वित प्रयासों से ही निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराया जा सकता है।
![]()
No Comments