Last updated: October 13th, 2025 at 03:36 am

कोचस /रोहतास। लगभग एक वर्ष पूर्व सोन नदी में स्नान करने के दौरान डूबे कोचस प्रखंड के दो युवकों — हरेंद्र कुमार और नीतीश कुमार — के परिजनों को आखिरकार आपदा राहत मुआवजे की राशि मिल गई। शुक्रवार को अंचल अधिकारी विनीत व्यास के द्वारा आपदा विभाग से स्वीकृत चार-चार लाख रुपये की राशि दोनों मृतकों के आश्रितों के बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर करा दी गई। राशि प्राप्त होने के बाद परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई और उनके चेहरे पर लंबे समय बाद मुस्कान लौट आई।
बताया जाता है कि एक वर्ष पूर्व सोन नदी में नहाने के दौरान अचानक गहराई में चले जाने से दोनों युवकों की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही परिजन आर्थिक संकट से गुजर रहे थे। परिजनों ने कई बार मुआवजा राशि के लिए प्रशासनिक स्तर पर गुहार लगाई थी। मामले की जांच और प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जाकर उन्हें राहत राशि प्राप्त हुई है।
अंचल अधिकारी विनीत व्यास ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से निर्धारित मापदंड के अनुसार चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार हर आपदा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और पात्र परिवारों को शीघ्र राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुआवजा राशि मिलने के बाद मृतकों के परिजनों ने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वहीं, ग्रामीणों ने भी प्रशासनिक पहल की सराहना की और कहा कि देर से ही सही, पीड़ित परिवारों को उनका हक मिल गया।
![]()
No Comments