Last updated: October 14th, 2025 at 05:13 am

तिलौथू (रोहतास): जीविका के नेतृत्व में तिलौथू प्रखंड के 84 महिला ग्राम संगठनों में आज दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को मतदाता जागरूकता बढ़ाने हेतु मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। यह कार्यक्रम SWEEP को-सेल के निर्देश पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर लगभग 2,140 स्वयं सहायता समूह (SHG) की दीदियों ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपने हाथों पर मतदान से संबंधित स्लोगन और प्रतीक चिन्ह मेहंदी के माध्यम से उकेरते हुए महिलाओं को आगामी विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने उपस्थित सभी सदस्यों से मतदान के प्रति जागरूक रहने और मतदान अवश्य करने की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं में लोकतंत्र के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा दिया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड परियोजना प्रबंधक सैयद शकीब उल्लाह और श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्री गौतम कुमार ने विभिन्न ग्राम संगठनों का दौरा कर प्रतिभागी महिलाओं को प्रोत्साहित किया और उनके उत्साह को बढ़ाया।
कार्यक्रम की सफलता में दीपिका कुमारी, गीता कुमारी, रिंकी कुमारी और सारिका कुमारी का विशेष योगदान रहा।
जीविका की यह पहल महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
![]()
No Comments