Last updated: October 16th, 2025 at 09:25 am

रोहतास। आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान जोर-शोर से चल रहा है। जिला प्रशासन के निर्देश पर शिक्षा विभाग एवं जीविका संगठन ने संयुक्त रूप से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने की पहल की है। इस अभियान के तहत जगह-जगह शपथ कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिता, निबंध लेखन और जनसंदेश कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें महिलाओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जीविका दीदियों ने पूरे उत्साह के साथ “मेरा वोट, मेरी आवाज़” का संदेश दिया। इस दौरान महिलाओं ने शपथ ली कि वे आगामी 11 नवंबर को होने वाले मतदान में अपने अधिकार का प्रयोग अवश्य करेंगी और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगी। जीविका के स्तर से यह कार्यक्रम पूरे ब्लॉक स्तर पर व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा है। विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ इस अभियान का हिस्सा बनकर घर-घर जाकर मतदान के महत्व को समझा रही हैं।
वहीं, शिक्षा विभाग ने अपने विद्यालयों में मतदाता जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम चलाया है। जिले के सभी मिडिल स्कूल और हाई स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता एवं शपथ समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने मतदान को लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव बताते हुए लोगों से मतदान करने की अपील की। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को समझाया गया कि मतदान देश और समाज की दिशा तय करता है, इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने मत का उपयोग करे।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। प्रत्येक दिन नए-नए कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विद्यालयों के माध्यम से यह संदेश घर-घर तक पहुँचाया जा रहा है कि “मतदान न केवल अधिकार है, बल्कि यह जिम्मेदारी भी है।”
जीविका और शिक्षा विभाग की इस संयुक्त पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की नई लहर देखी जा रही है। महिलाएँ और युवा अब पहले से अधिक उत्साह के साथ चुनाव को लेकर सजग दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार जिले में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया जाए।
![]()
No Comments