Last updated: December 7th, 2025 at 09:19 am

कोचस (रोहतास)। थाना क्षेत्र के सरैया गांव के पास पीपल के पेड़ के नीचे एक नवजात बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह हृदयविदारक घटना इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है। इस अमानवीय कृत्य ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। बच्ची की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि उसका जन्म महज दो घंटे पहले ही हुआ था।
स्थानीय लोगों के अनुसार आशंका है कि बेटी के जन्म के बाद अज्ञात परिजनों ने बेरहमी से उसे यहां लाकर छोड़ दिया। सुबह जब ग्रामीणों की नजर पीपल के नीचे पड़ी मासूम पर पड़ी तो लोगों की आंखें भर आईं। कुछ ही देर में खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। हर कोई इस घटना से स्तब्ध नजर आया और समाज की संवेदनशीलता पर सवाल उठाने लगा।
सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष नीतीश कुमार पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नवजात को तत्काल कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आसपास के गांवों और क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है ताकि बच्ची के परिजनों और इस अमानवीय कृत्य के जिम्मेदार लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस हर पहलु से मामले की जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग बेटियों के प्रति घटती संवेदनशीलता, सामाजिक सोच और नवजात को त्यागने जैसी घटनाओं पर गंभीर चिंता जता रहे हैं। यह घटना समाज की संवेदनहीनता और बेटियों के प्रति उपेक्षा को एक बार फिर उजागर करती है। लोग इसे मानवता पर कलंक बता रहे हैं।
![]()
No Comments