Last updated: December 13th, 2025 at 04:30 am

रोहतास। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), पटना द्वारा आयोजित चालक सिपाही भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारी द्वय ने व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था का उन्होंने स्वयं निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि किसी भी केन्द्र पर अनियमितता पाई गई तो संबंधितों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों के चारों ओर सुरक्षा घेरा, प्रवेश द्वार पर जांच व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण की स्थिति का निरीक्षण किया। एसपी ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में कराई जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केन्द्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की भी जांच की। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
प्रशासन द्वारा किए गए इस त्वरित निरीक्षण से परीक्षा केन्द्रों पर मौजूद कर्मियों में सतर्कता देखी गई। जिले में आयोजित चालक सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
![]()
No Comments