Last updated: December 13th, 2025 at 04:32 am

सासाराम/रोहतास। मानवाधिकार दिवस के अवसर पर गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार के अंतर्गत संचालित नारायण स्कूल ऑफ लॉ के लीगल एड क्लीनिक द्वारा छात्रों एवं शिक्षकों की टीम का सासाराम मंडल कारागार में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कारागार प्रशासन, कैदियों के अधिकारों, विधिक प्रक्रियाओं एवं मानवाधिकार संरक्षण की वास्तविक स्थिति से अवगत कराना था।कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर डीन प्रो.डॉ. विनोद कुमार सरोज तथा एसोसिएट प्रोफेसर डॉ संगीता कुमारी ने बस को हरी झंडी दिखाकर की।भ्रमण के दौरान छात्र–छात्राओं ने कारागार परिसर का अवलोकन किया ।उस दौरान छात्रों ने
कैदियों से मुलाकात की तथा उनके रहने, खाने, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं दिनचर्या की व्यवस्थाओं को नजदीक से देखा।
छात्रों ने कैदियों से उनकी समस्याओं, उपलब्ध सुविधाओं, न्यायालय संबंधी अपडेट, ठंड और गर्मी में मिलने वाली विशेष सुविधाओं तथा पेयजल समेत मूलभूत आवश्यकता पर विस्तृत बातचीत की।कुछ कैदियों ने अपनी व्यथा, कानूनी स्थिति तथा न्यायालय में लंबित मामलों को साझा किया। छात्रों ने मानवाधिकार और विधिक सहायता से जुड़ी तमाम बातों को संज्ञान में लिया और आवश्यक सुधारों पर अपनी टिप्पणियाँ भी दर्ज कीं।
महिला छात्रों ने महिला वार्ड का भी दौरा किया जहाँ महिला कैदियों से उनके हाल-चाल, उपलब्ध सुविधाओं और कानूनी सहायता की स्थिति पर चर्चा की गई।इस दौरान लीगल एड क्लीनिक के संयोजक डॉ सैयद कलीम अख्तर, डॉ उमेश चंद्र द्विवेदी एवं मृत्युंजय कुमार तिवारी ने पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।कारागार प्रशासन की ओर से जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुमार कृष्णकांत तथा अर्जुन कुमार सिंह ने छात्रों को मानवाधिकार दिवस के महत्व, कैदियों के अधिकारों तथा जेल व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने यह अनुभव किया कि न्यायिक प्रक्रिया, कारागार प्रणाली और मानवाधिकारों की व्यावहारिक समझ उनके विधि अध्ययन को और अधिक सार्थक एवं संवेदनशील बनाती है।
![]()
No Comments