Last updated: January 25th, 2026 at 05:21 am
रुद्रप्रयाग की केदारघाटी और विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में बीते एक दिन से जारी भारी बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र को सफेद चादर में समेट लिया है। लगातार हो रही बर्फबारी के चलते केदारनाथ धाम और आसपास के इलाकों में करीब चार फीट तक बर्फ जम गई है, जिससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
केदारनाथ मंदिर परिसर में घुटनों तक जमी बर्फ के कारण तापमान शून्य से काफी नीचे चला गया है। हालात ऐसे हैं कि धाम तक पहुंचने वाले सभी पैदल मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गए हैं और आवाजाही पूरी तरह ठप हो चुकी है। बर्फबारी के बाद केदारनाथ की पहाड़ियां चांदी की तरह चमक उठी हैं, जो क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को और भी आकर्षक बना रही हैं।
कठिन मौसम और अत्यधिक ठंड के बावजूद केदारनाथ धाम में तैनात रुद्रप्रयाग पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ डटे हुए हैं। जवान मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
भारी बर्फ के बीच सुरक्षा बल न केवल निगरानी का कार्य कर रहे हैं, बल्कि मार्गों पर जमी बर्फ हटाने और आवश्यक व्यवस्थाओं को बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और आईटीबीपी का संयुक्त दल पूरी तरह सतर्क है।
संचार व्यवस्थाओं, आपदा प्रबंधन उपकरणों और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों से जुड़े ढांचों को भी सुरक्षित रखा जा रहा है।
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम सहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण ठंड में भारी इजाफा दर्ज किया गया है। ऐसे कठिन हालातों में सुरक्षाबलों का समर्पण और सतर्कता केदारनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही है।
![]()
Comments are off for this post.