Last updated: January 27th, 2026 at 07:22 am
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम के अचानक बदले तेवरों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। देहरादून जिले में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के अलर्ट सिस्टम ‘सचेत’ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, जिले के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम स्तर की बर्फबारी की संभावना है। इसी के मद्देनजर जनपद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता
संभावित आपदा जोखिम और मौसम की गंभीरता को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को एहतियातन एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।
तेज हवाओं और ओलावृष्टि की भी चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह से बुधवार दोपहर तक राज्य के कई जिलों में मौसम और अधिक बिगड़ सकता है। चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और उधम सिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज आंधी की आशंका जताई गई है। पूर्वानुमान में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना बताई गई है, जिससे पेड़ गिरने और यातायात प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों में न रुकने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आपात स्थिति के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
![]()
Comments are off for this post.