Last updated: February 5th, 2026 at 11:03 am
हरिद्वार। हाल ही में हुए विमान हादसे में दिवंगत हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अस्थियों का बुधवार सुबह धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा नदी में विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान हरिद्वार के वीआईपी घाट पर संपन्न हुआ, जहां उनके पारिवारिक पुरोहित अभिषेक झा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया पूरी कराई। अस्थियां राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा द्वारा प्रातः हरिद्वार लायी गईं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हरिद्वार से जम्मू-कश्मीर तक जाएगी अस्थि कलश यात्रा
अस्थि विसर्जन के बाद धीरज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस ने दिवंगत नेता अजित पवार की स्मृति में एक विशेष अस्थि कलश यात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस यात्रा की औपचारिक शुरुआत हरिद्वार के गंगा तट से कर दी गई है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा उत्तराखंड से प्रारंभ होकर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों से गुजरेगी। यात्रा के दौरान काशी, मध्य प्रदेश की नर्मदा नदी, गुजरात की साबरमती नदी और जम्मू-कश्मीर की चेनाब नदी में अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा।
दक्षिण भारत तक पहुंचेगी यात्रा
धीरज शर्मा ने बताया कि कलश यात्रा को आगे बढ़ाते हुए दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों रामेश्वरम और कन्याकुमारी तक ले जाया जाएगा। वहां भी पवित्र नदियों और सागर तट पर धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अस्थि प्रवाह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अजित पवार की विचारधारा और नेतृत्व से प्रेरित लोग देश के हर हिस्से में मौजूद हैं। इस यात्रा का उद्देश्य उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने और अंतिम दर्शन का अवसर प्रदान करना है।
इस दौरान तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित, पूर्व मेयर हरिद्वार मनोज गर्ग, डॉ. बृजेश यादव, डॉ. विमल शर्मा, सौरभ आहूजा, युवराज सिंह, अंकित चौधरी सहित सैकड़ों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
![]()
Comments are off for this post.