Last updated: February 6th, 2026 at 08:42 am

उत्तराखंड में अनियोजित विकास के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सख्त कदम उठाते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने लांघा रोड और होरावाला क्षेत्र में करीब 125 बीघा भूमि पर हो रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों में हड़कंप मच गया है।
बिना अनुमति काटे जा रहे थे प्लॉट
एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार, दोनों ही क्षेत्रों में प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना भूमि का विभाजन कर प्लॉट बेचे जा रहे थे। आंतरिक सड़कें बनाई जा रही थीं और पूरी कॉलोनी का स्वरूप तैयार किया जा रहा था, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। टीम ने होरावाला रोड, छरबा आईटीआई के पास लगभग 25 बीघा भूमि और लांघा रोड, छरबा सहसपुर क्षेत्र में करीब 100 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। इस दौरान बनाई गई सड़कों और सीमांकन को भी पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। एमडीडीए का तकनीकी दल मौके पर मौजूद रहा और पूरी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बिना अनुमति किया गया विकास न केवल शहर की व्यवस्था बिगाड़ता है, बल्कि भविष्य की योजनाओं के लिए भी गंभीर समस्या पैदा करता है। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि आने वाले दिनों में ऐसे मामलों पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियम तोड़ने वालों पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
कार्रवाई में ये अधिकारी रहे शामिल
इस अभियान में सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता सिद्धार्थ सेमवाल, सुपरवाइजर मनीष नौटियाल सहित एमडीडीए का पूरा तकनीकी स्टाफ और पुलिस बल मौजूद रहा।
![]()
Comments are off for this post.