Human Live Media

HomeBlogचंपावत को विकास की बड़ी सौगात: सीएम धामी ने 319 करोड़ की 20 योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

चंपावत को विकास की बड़ी सौगात: सीएम धामी ने 319 करोड़ की 20 योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले को 319 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी
Uttarakhand_forest_fire_CM_Pushkar_Dhami_PTI_1718335284901_1736854522906

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले को 319 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी है। टनकपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शारदा घाट कॉरिडोर सहित कुल 20 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के हर सकारात्मक कदम का भी विरोध किया जा रहा है। सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर, धार्मिक पर्यटन और जनसुविधाओं के विस्तार पर निरंतर काम कर रही है, लेकिन विपक्ष विकास कार्यों में कमियां ढूंढकर माहौल खराब करने का प्रयास करता रहा है। उन्होंने कहा कि बीते एक साल में विपक्ष ने एक भी अच्छे कार्य की सराहना नहीं की।

Table of Contents

    शारदा कॉरिडोर बनेगा विकास का केंद्र

    मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में भव्य शारदा घाट कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जो पूरे क्षेत्र के लिए विकास का केंद्र बनेगा। यह कॉरिडोर 200 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र को कवर करेगा और इस पर लगभग 107 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे। इसके अलावा 85 करोड़ रुपये की लागत से इकोलॉजिकल पार्क, चंपावत नगर क्षेत्र में 60 करोड़ रुपये की सिटी ड्रेनेज योजना सहित कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी शामिल हैं।

    पीएम के नेतृत्व में धार्मिक और बुनियादी ढांचे का विकास

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में धार्मिक स्थलों के विकास और पुनर्निर्माण के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे चारधाम यात्रा को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है, उसी तरह मानसखंड क्षेत्र में भी योजनाबद्ध विकास किया जा रहा है।

    विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

    सीएम धामी ने कहा कि राज्य में दंगारोधी कानून लागू किया गया, समान नागरिक संहिता (UCC) कानून लाया गया और 11 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, लेकिन इन सभी फैसलों का भी विपक्ष ने विरोध किया। उन्होंने विपक्ष पर अतिक्रमण को संरक्षण देने और डेमोग्राफी असंतुलन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मदरसा बोर्ड को समाप्त कर सभी बच्चों के लिए समान पाठ्यक्रम लागू करने का निर्णय लिया गया है, ताकि किसी भी समाज के बच्चों को एक समान शिक्षा मिल सके।

    प्रमुख घोषणाएं

    चंपावत में 300 सीटों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम स्थापित किया जाएगा

    टांडा क्षेत्र को पैराग्लाइडिंग के लिए विकसित किया जाएगा

    वनराजी ग्रामों के विकास के लिए विशेष योजनाएं लागू होंगी

    अटल उत्कृष्ट विद्यालय टनकपुर में नए कक्षा कक्षों का निर्माण किया जाएगा

    कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

    Loading

    Comments are off for this post.