Last updated: February 9th, 2026 at 06:06 am

त्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर सक्रियता तेज कर दी है। इसी कड़ी में 14 फरवरी को देहरादून में बीजेपी की कोर कमेटी की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसकी कमान पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संभालेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक से पहले कोर कमेटी के सदस्यों की सूची औपचारिक रूप से जारी कर दी जाएगी। यह बैठक आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से बेहद निर्णायक मानी जा रही है।
सीटवार रणनीति और संगठन की ताकत पर होगा मंथन
बैठक में राज्य की हर विधानसभा सीट की स्थिति, संगठन की जमीनी मजबूती, संभावित उम्मीदवारों की रूपरेखा और प्रचार की दिशा तय की जाएगी। इसके साथ ही यह भी समीक्षा होगी कि किन क्षेत्रों में पार्टी मजबूत है और कहां संगठनात्मक सुधार की जरूरत है। जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन की तैयारियों की गहन समीक्षा की जाएगी। सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल कैसे बने, इस पर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश तय होने की संभावना है।
सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व का फोकस चुनावी मुद्दों को धार देने और जनसंपर्क अभियानों को और मजबूत करने पर रहेगा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, पार्टी का पहला राज्य स्तरीय सर्वे पूरा हो चुका है और उसके फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति तय की जा रही है। जल्द ही दूसरे चरण का सर्वे भी शुरू किया जाएगा, जबकि केंद्रीय नेतृत्व अपने स्तर पर अलग सर्वे कराएगा।
मंत्रियों-विधायकों को साफ संदेश
इस बीच बीजेपी नेतृत्व ने संगठन को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि सभी मंत्री और विधायक अपनी मौजूदा विधानसभा सीटों से ही चुनावी तैयारी करेंगे। चुनाव से पहले किसी भी प्रकार की सीट अदला-बदली की अनुमति नहीं होगी। यह फैसला संगठनात्मक स्थिरता बनाए रखने और जमीनी तैयारी को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है। बीजेपी का साफ संकेत है कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन, सरकार और नेतृत्व तीनों एकजुट होकर मैदान में उतरेंगे।
![]()
Comments are off for this post.