Last updated: February 22nd, 2026 at 07:04 am

कोलकता । शशि थरूर को शनिवार को कोलकाता में आयोजित एक भव्य समारोह में मानद ‘डॉक्टर ऑफ लेटर्स’ (D.Litt.) की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सेंट जेवियर्स विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह के अवसर पर प्रदान किया गया। थरूर ने इसे भारत में प्राप्त अपनी पहली मानद डॉक्टरेट बताया।
दीक्षांत समारोह का आयोजन न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में किया गया, जहां कुल 1,052 स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इसके अलावा 25 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई तथा 17 मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए थरूर ने कहा कि शिक्षा का अंतिम उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज की सेवा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उपलब्धियों की विशेष सराहना की। थरूर ने उल्लेख किया कि स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले कई छात्राएं हैं, जो देश में बदलते शैक्षणिक परिदृश्य का सकारात्मक संकेत है।
अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि भारत का भविष्य उन नागरिकों के हाथों में है, जो ज्ञान, कौशल और संवेदनशीलता का संतुलित समन्वय रखते हैं। समारोह में विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय सदस्य और अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
![]()
Comments are off for this post.