Last updated: March 9th, 2026 at 12:07 pm

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में गर्मियों की शुरुआत के साथ ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। आईटीआई परिसर डहरिया में बनाए गए नए बिजली घर से लाइनें बिछाने के कार्य के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में शटडाउन लिया जा रहा है।
रविवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक टीपी नगर और कमलुवागांजा बिजली घर से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रही। करीब आठ घंटे तक सप्लाई ठप रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग के अनुसार 16 मार्च तक अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रह सकती है।
विद्युत वितरण खंड हल्द्वानी ग्रामीण के अधिशासी अभियंता एस.के. गुप्ता ने बताया कि बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए आईटीआई परिसर डहरिया में नया बिजली घर बनाया गया है। इस पावर हाउस से जुड़े डहरिया समेत आसपास के क्षेत्रों में नई बिजली लाइनें बिछाई जा रही हैं।
इसके अलावा लालकुआं क्षेत्र में पुराने खुले तारों को बदलकर ऑल एल्युमिनियम अलॉय कंडक्टर (AAAC) केबल लगाने का कार्य भी किया जा रहा है। इसी वजह से टीपी नगर और कमलुवागांजा बिजली घर से जुड़े क्षेत्रों में रविवार से शटडाउन शुरू किया गया है, जो 15 मार्च तक जारी रहेगा।
वहीं लालकुआं बिजली घर से जुड़े इलाकों में सोमवार से शटडाउन लिया जा रहा है, जो 16 मार्च तक जारी रहेगा। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से कार्य के दौरान सहयोग करने की अपील की है।
![]()
Comments are off for this post.